आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 17 फरवरी-- उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की सदस्य संगीता तिवारी की अध्यक्षता में पुलिस लाइन के सभागार में महिला उत्पीड़न के रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाये जाने तथा आवेदक/आवेदिकाओं की सुगमता की दृष्टि से महिला जन सुनवाई का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर शिकायतकर्ताओं द्वारा कुल 13 शिकायतें प्राप्त हुईं, जो घरेलू हिंसा, जमीनी विवाद, धोखाधड़ी आदि से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई। जिस पर उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की सदस्य ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिये कि उक्त प्रकरणों पर त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर प्रकरणों का भेजना सुनिश्चित करें, जिससे उक्त प्रकरणों का जल्द से जल्द निस्तारण किया जा सके।
इस अवसर पर शिकायतकर्ता उर्मिला यादव गोमाडीह लालगंज द्वारा अवगत कराया गया कि गॉव के तीन लोग जो फाइनेन्स का कार्य करते हैं, प्रलोभन देकर मुझसे पैसा लिया और उसी में से मुझे ब्याज देने लगे। जिससे बाद में पता चला कि उनके द्वारा मेरे साथ धोखाधड़ी की गयी है। जिस पर उक्त प्रकरण का निस्तारण करने के लिए उक्त प्रकरण को जिला प्रोबेशन अधिकारी के माध्यम से राज्य महिला आयोग को भेजा गया।
शिकायतकर्ता वन्दना देवी पुत्र मोहन प्रसाद मिश्रा ग्राम अजमतपुर कोडर आजमगढ़ द्वारा अवगत कराया गया कि धर्मेन्द्र यादव, फूलपुर आजमगढ़ द्वारा मेरे मकान में सन् 2010 से रहता था, जो मुझे विश्वास दिलाकर नौकरी के नाम पर 3 लाख 80 हजार रू0 ले लिया और मेरा मकान अचानक छोड़कर चला गया। जिसे आज तक न तो नौकरी मिली और न ही पैसा मिला। उक्त प्रकरण का निस्तारण कराने के लिए उक्त प्रकरण को जिला प्रोबेशन अधिकारी के माध्यम से राज्य महिला आयोग को भेजा गया।
इस अवसर पर उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की सदस्य ने बताया कि कोई भी पीड़ित महिला राज्य महिला आयोग के व्हाट्सअप नम्बर-6306511708 पर अपने शिकायत पत्र के साथ आधार कार्ड लगाते हुए भेज सकता है, जिस पर आवश्यक कार्यवाही की जायेगी।यह व्हाट्सअप नम्बर प्रातः 10ः00 बजे से सायं 5ः00 बजे तक सक्रिय रहेगा। इसी के साथ ही मोबाइल नम्बर 7839930410 पर भी कोई भी पीड़ित महिला शिकायत पत्र के साथ आधार कार्ड भेज सकती है।
इसी के साथ ही उ0प्र0 राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती संगीता तिवारी द्वारा जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संगीता तिवारी द्वारा अस्पताल में भर्ती महिलाओं व उनके नवजात शिशुओं को देखा और उनसे बातचीत की गयी और जानकारी प्राप्त किया कि अस्तपाल द्वारा समय-समय पर दवा एवं भोजन मिलता है कि नही एवं डाक्टरों द्वारा समय-समय पर निरीक्षण किया जा रहा है या नही। इसी के साथ ही उन्होने महिला कल्याण विभाग की अधिकारियों को निर्देश दिये कि महिलाओं से संबंधित जो भी जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं, उन्हें उसका लाभ दिलायें।
इसी के साथ ही महिला कल्याण विभाग की सरिता पाल द्वारा कन्या सुमंगला योजना की विस्तार से जानकारी दी गयी।
इस अवसर पर सीओ सिटी राजेश तिवारी, प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक राजेश, महिला थाना इंचार्ज खुशबू त्रिपाठी, जिला प्रोबेशन अधिकारी बीएल यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार मौर्य, जिला महिला अस्पताल की प्रभारी सीएमएस डॉ0 अमिता अग्रवाल, महिला कल्याण अधिकारी प्रिति उपाध्याय, वन स्टॉप मैनेजर सरिता पाल, केस वर्कर ममता यादव, रंजना मिश्रा, सहित पुलिस विभाग के महिला आरक्षी आदि उपस्थित रहे।




