आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 08 मार्च-- जिलाधिकारी राजेश कुमार द्वारा वित्तीय वर्ष 2020-21 में कोषागार में प्राप्त आवंटित बजट/ग्रान्ट एवं उसके सापेक्ष अब तक के व्यय की समीक्षा की गयी। समीक्षा में पाया गया कि अनेक विभागों द्वारा आवंटित बजट का नियमित रूप से उपभोग नही किया जा रहा है। इस कारण से जहाँ एक ओर विकास कार्य प्रभावित होता है, वहीं दूसरी ओर मार्च माह के अन्तिम दिनों में कोषागार में भारी संख्या में बिल प्रस्तुत कर दिये जाते हैं, जो किसी भी दशा में उचित नही है। शासन द्वारा अब तक प्राप्त बजट/ग्रान्ट का अनिवार्य रूप से कोषागार से मिलान कराकर औचित्यपूर्ण एवं नियमानुसार उपभोग दिनांक 15 मार्च 2021 तक प्रत्येक दशा में सुनिश्चित कर लें। दिनांक 15 मार्च 2021 के उपरान्त कोषागार में केवल वही बिल प्रस्तुत किये जाये जिनका आवंटन माह फरवरी 2021 के उपरान्त किया गया है।
वर्तमान वित्तीय वर्ष 2020-21 में जिन आहरण वितरण अधिकारियों द्वारा टीआर-27 के अन्तर्गत धनराशि का आहरण किया गया है। कृपया टीआर-27 के अन्तर्गत आहरित धनराशि का समायोजन तत्काल कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने समस्त आहरण वितरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में आपको अब तक प्राप्त हुए बजट के सापेक्ष जो देयक आप द्वारा कोषागार में प्रस्तुत नहीं किये गये है, उनको दिनांक 15 मार्च 2021 तक अवश्य प्रस्तुत कर दें। उक्त का अनुपालन न करने तथा समायान्तर्गत आहरण के अभाव में किसी धनराशि के व्यपगत (लैप्स) हो जाने पर उसका उत्तरदायित्व सम्बन्धित आहरण वितरण अधिकारी का होगा।