आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 23 मार्च-- जिलाधिकारी राजेश कुमार व पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी होली पर्व एवं त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2021 के दृष्टिगत कानून व्यवस्था बनाये रखने के सम्बन्ध में बैठक सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने समस्त क्षेत्राधिकारी पुलिस को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी असलहा धारकों का 25 मार्च तक असलहा जमा कराना सुनिश्चित करें एवं जो फरार बदमाश हैं, उनको पकड़ कर जेल भेजें तथा फरार बदमाश से संबंधित जो जमानतदार हैं, उनको भी थाने में बैठायें और दो-तीन दिन के अन्दर जेल भेज दें। उन्होने यह भी निर्देश दिये कि दारू बनाने वाले जो पुराने गिरोह हैं, उनपर भी कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने तहसीलवार पाबन्द के केसों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पंचायत निर्वाचन में सामुहिक कार्यक्रम, सामुहिक भोज आयोजित करने की अनुमति न दी जाय। उन्होने बताया कि नामांकन हर नगर पंचायत में किये जायेंगे। उन्होने निर्देश दिया कि नामांकन कराये जाने के लिए नामांकन कक्ष अपने देख-रेख में बनवाना सुनिश्चित करें। इसी के साथ ही समस्त ब्लाकों में स्ट्रांग रूम बनाया जायेगा व सीसी टीवी भी लगाया जाना है, इसकी भी मानीटरिंग कर लें।
जिलाधिकारी ने कहा कि चुनाव के दौरान कोई भी प्रत्याशी अपने साथ ग्रामों में घर-घर प्रचार करने हेतु 05 से अधिक व्यक्तियों को न ले जाए।
जिलाधिकारी ने समस्त एसडीएम/सीओ को निर्देश दिये कि अपने-अपने संबंधित क्षेत्रों में एसडीएम व सीओ साथ-साथ भ्रमण करें एवं कोविड-19 के गाइडलाइन का अनुपालन कराना सुनिश्चित करें। उन्होने बताया कि वाहन रैली, जनसभा, जुलूस की अनुमति संबंधित उप जिलाधिकारी के माध्यम से ही दी जायेगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, मुख्य राजस्व अधिकारी हरी शंकर, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गुरू प्रसाद, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेन्द्र सिंह, ज्वाइण्ट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर गौरव कुमार आईएएस, एसपी ट्रैफिक सुधीर जायसवाल, समस्त एसडीएम/सीओ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
