आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आज़मगढ़: सगड़ी तहसील के चुनाहवा बाजार स्थित कृषक सेवा केंद्र (वीरेंद्र यादव) के दुकान पर पारस डीएपी के तरफ से किसानों को उत्तम खेती का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। किसानों को संबोधित करते हुए इंडोरामा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (पारस डीएपी ) की तरफ से निखिल सिंह ने किसानों को धान की फसल में खरपतवार प्रबंधन, गहरी जुताई ,बुवाई की विधि ,उचित फसल चक्र ,सिंचाई एवं जल प्रबंधन , संतुलित खाद का प्रयोग, बीज की मात्रा, मिट्टी परीक्षण, सहित उत्तम खेती के अन्य गुणों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि भूमि में पोषक तत्वों की मात्रा ,उर्वरक देने की विधि एवं समय का भी फसल एवं खरपतवारों की वृद्धि पर प्रभाव पड़ता है । फसल एवं खरपतवार दोनों ही भूमि में निहित पोषक तत्वों के लिए प्रतिस्पर्धा करते हैं। खरपतवार नियंत्रण करने से पोषक तत्वों की उपलब्धता फसल को ही मिले, सुनिश्चित की जा सकती हैं। पोषक तत्वों की अनुमोदित मात्रा को ठीक समय एवं उचित तरीके से देने पर धान की फसल इन का समुचित उपयोग कर पाती है। असिंचित उपजाऊ भूमि में जहां खरपतवारों की समस्या अधिक होती है, वहां नाइट्रोजन की आरंभिक मात्रा को बुवाई के समय न देकर पहली निराई गुड़ाई के बाद देना लाभदायक रहता है। वही नाइट्रोजन को धान की लाइनों के पास डालना चाहिए। जिससे इसका ज्यादा से ज्यादा भाग फसल को मिल सके।
इस दौरान कार्यक्रम में आसपास के सैकड़ों किसानों ने कार्यक्रम का लाभ उठाया और जानकारी ली, जिसमें मुख्य रूप से मुन्ना यादव, अशोक सिंह, सोहन सिंह, मोहन यादव, प्रदीप, रामजीत, दूधनाथ, पंजाबी आदि किसान मौजूद रहे।