आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 07 सितम्बर-- क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी, आजमगढ़ मण्डल आजमगढ़ ने अवगत कराया है कि उत्तर प्रदेश के शासकीय विभागों एवं उसके अधीनस्थ संस्थाओं में मैनपावर के क्रय के लिए भारत सरकार द्वारा विकसित गवर्नमेन्ट ई-मार्केटप्लेस (जेम) की व्यवस्था लागू किये जाने के सम्बन्ध में श्रम विभाग द्वारा जारी शासनादेश के दृष्टिगत खेल विभाग हेतु अंशकालिक मानदेय प्रशिक्षकों की सेवायें जेम पोर्टल से जनपदवार प्राप्त की जायेंगी। शासन के निर्देशानुसार जेम पोर्टल के माध्यम से अंशकालिक मानदेय प्रशिक्षकों की सेवायें प्राप्त किये जाने हेतु सेवा प्रदाता का चयन किया गया है।
उन्होने बताया कि निर्धारित योग्यता के अनुसार इच्छुक प्रशिक्षक सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण कराने के पश्चात दिनांक 17 सितम्बर 2021 तक आवेदन कर सकते हैं। अंशकालिक मानदेय प्रशिक्षकों की योग्यता एवं खेल स्तर आवेदक की न्यूनतम आयु सम्बन्धित वर्ष के 01 अप्रैल को 25 वर्ष या अधिक होनी चाहिए। अंशकालिक मानदेय प्रशिक्षकों की शैक्षिक योग्यता स्नातक होगी तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की शैक्षिक योग्यता इन्टरमीडिएट होगी। अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाडी, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, एनआईएस, एलएनआईपी, राज्य स्तर के खिलाड़ी अंशकालिक मानेदय प्रशिक्षक हेतु पात्र होंगे, परन्तु राज्य स्तर के वही खिलाड़ी पात्र होंगे, जो प्रदेशीय सीनियर टीम का 03 बार मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय चैम्पियनशिप/राष्ट्रीय खेल में प्रतिनिधित्व किया हो तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर (जूनियर वर्ग) के वही खिलाड़ी पात्र होंगे, जिन्होंने जुनियर वर्ग में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया हो।
