Breaking News

आरोग्य स्वास्थ्य मेले में 3153 लाभार्थियों को मिला लाभ।


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया की जांच एवं उपचार की मिली सुविधा।

मेले में बने 732 गोल्डन कार्ड।

की गई 282 व्यक्तियों की एंटीजन जांच।

स्वास्थ्य केन्द्रों पर मिली नि:शुल्क सेवाएं।
  
आजमगढ़, 11 अक्टूबर  2021 : जिले में प्रत्‍येक रविवार को नगरीय व ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन कर लोगों को स्वास्थ्य सम्बन्धी  सुविधा दिये जाने हेतु, जिले के समस्त प्राथमिक और सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं दी गयीं।   मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आईएन तिवारी ने कहा कि मेले में कुल 3153 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में लोगों का रक्तचाप व शुगर की जांच की गई। वायरल फीवर, सर्दी, खांसी जुकाम के मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श के बाद आवश्यकतानुसार दवाएं भी दी गई। मरीजों को सलाह दी गयी कि बुखार आने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और जांच कराकर चिकित्सक की सलाह पर ही दवा लें।  
सीएमओ डॉ आईएन तिवारी ने बताया कि आरोग्य स्वास्थ्य मेले के तहत जिले में दस अक्टूबर को चिकित्सकों द्वारा कुल 3153 मरीजों की जांच एवं इलाज की गयी । आरोग्य मेले में 732 गोल्डन कार्ड बनाए गए , साथ ही कोविड हेल्प डेस्क में 282 एन्टीजन जाँच की गई, जिसमें सभी निगेटिव पाए गये। 
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वाईके राय ने बताया कि जिले के स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित मेले में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पर्याप्त चिकित्सकों के साथ ही स्टॉफ की ड्यूटी लगाई जाती है। मेले में आने वाले मरीजों को जांच और उपचार तथा दवाएं मुफ्त दी जाती हैं। यदि कोई मरीज गंभीर होता है तो उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर किया जाता है। मेला परिसर में प्रवेश करने से पूर्व प्रत्येक व्यक्ति की स्क्रीनिंग के साथ ही मास्क और सेनेटाइजर की व्यवस्था के साथ ही मेले का आयोजन किया गया | 
मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में संस्थागत प्रसव संबंधी जागरूकता, जन्म पंजीकरण परामर्श, नवजात शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा परामर्श एवं सेवाएं, बच्चों में डायरिया एवं निमोनिया की रोकथाम के साथ ही टीबी, मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया, कुष्ठ आदि बीमारियों की जानकारी, जांच एवं उपचार की नि:शुल्क सेवाएं दी गई। गोल्डन कार्ड बनवाने, गर्भावस्था एवं प्रसवकालीन परामर्श, पूर्ण टीकाकरण एवं परिवार नियोजन संबंधी साधनों एवं परामर्श की व्यवस्था रही। 
लाभार्थी-  ब्लॉक रानी की सराय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के धर्मेन्द्र कुमार उम्र 40 वर्ष ने बताया कि मुझे 15 दिन से सांस लेने में दिक्कत हो रही थी, खांसी आ रही थी | आरोग्य मेले में गया डॉक्टर द्वारा मेरी जांच की गयी और  नि:शुल्क दवा मिली, मेले में अच्छी सुविधा थी।   
लाभार्थी  राकेश कुमार ने कहा कि पाँच दिन से बुखार और जोड़ों में दर्द हो रहा था। मेरे घर से लगभग एक किलोमीटर की दुरी पर आरोग्य मेला का आयोजन हुआ । डॉक्टर द्वारा जाँच कर हमें दवा दी गई । 

और नया पुराने