आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
अतिक्रमण हटाने को लेकर जीयनपुर नगर पंचायत में हुई बैठक, डाला छठ के बाद चलेगा अभियान।
आज़मगढ़: सगड़ी तहसील क्षेत्र के जीयनपुर नगर पंचायत में उपजिलाधिकारी सगड़ी गौरव कुमार के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने के पूर्व नगर पंचायत जीयनपुर में व्यापारियों के साथ बैठक कर सहमति बनाई गई।
जानकारी के अनुसार उपजिलाधिकारी सगड़ी गौरव कुमार ने नगर पंचायत जीयनपुर का मंगलवार 19 अक्टूबर को सुबह 8:00 बजे औचक निरीक्षण किया था जिसमें अतिक्रमण हटाने व साफ-सफाई को लेकर नगर पंचायत अधिकारी अखिलेश यादव को निर्देशित किया गया था जिस पर अतिक्रमण हटाने को लेकर व्यापारियों की मांग पर बुधवार शाम 3:00 बजे जीयनपुर नगर पंचायत पर बैठक बुलाई गई। बैठक में मुख्य रूप से अजमतगढ़ मार्ग, आजमगढ़ मार्ग, बिलरियागंज मार्ग व दोहरीघाट मार्ग पर सड़क के किनारे बने हुए नाले से अतिक्रमण हटाने की आम सहमति बनाई गई। वही सगड़ी नायब तहसीलदार मयंक मिश्रा ने व्यापारियों को स्वयं से अतिक्रमण हटाने की बात कही।
जिस पर व्यापारी संघ ने दीपावली तक नगर पंचायत से समय मांगा और कहा कि दीपावली के उपरांत सभी व्यापारी अपना अतिक्रमण निर्देश के अनुरूप हटा लेंगे।
डाला छठ के बाद अतिक्रमण हटाये जाने के लिए अभियान चलेगा।
इस बैठक में मुख्य रूप से चैयरमैन हरिशंकर यादव, मन्नूलाल जायसवाल, मुन्ना यादव, ज्ञानेंद्र मिश्र, हरिओम जायसवाल, नेहाल मेहदी, आलोक वर्मा, डब्लू गुप्ता, अश्वनी जायसवाल आदि लोग रहे।
बुन्देलखण्ड एक्सप्रेसवे, बुन्देलखण्ड क्षेत्र के सर्वागींण विकास की होगा धुरी, क्षेत्र में आयेगी समृद्धि।
आजमगढ़ 27 अक्टूबर-- बुन्देलखण्ड क्षेत्र के विकास के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जनपद चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर व जालौन जैसे आर्थिक रूप से कम विकसित जिलों के सर्वांगीण विकास हेतु बुन्देलखण्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कराया जा रहा है।यह एक्सप्रेसवे प्रदेश के बुन्देलखण्ड क्षेत्र को देश की राजधानी दिल्ली से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे एवं यमुना एक्सप्रेसवे के माध्यम से जोड़ेगा तथा बुन्देलखण्ड क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। यह एक्सप्रेसवे झांसी-इलाहाबाद राष्ट्रीय मार्ग सं0-35 भरतकूप के पास जनपद चित्रकूट से प्रारम्भ होकर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ग्राम कुदरैल के पास जनपद इटावा में समाप्त होगा। एक्सप्रेसवे की लम्बाई 296.070 किमी0 है। इस परियोजना से जनपद चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर, जालौन एवं इटावा लाभान्वित होंगे।
बुन्देलखण्ड एक्सप्रेसवे 04 लेन चौड़ा (6 लेन में विस्तारणीय) तथा संरचनाएं 06 लेन चौड़ाई की बनायी जा रही है। एक्सप्रेसवे के एक ओर 3.75 मी0 चौड़ाई की सर्विस रोड स्टैगर्ड रूप में बनाई जा रही है, जिससे परियोजना के आस-पास के गांव के निवासियों को एक्सप्रेसवे पर सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।
एक्सप्रेसवे पर 04 रेलवे ओवर ब्रिज, 14 दीर्घ सेतु, 06 टोल प्लाजा, 07 रैम्प प्लाजा, 268 लघु सेतु, 18 फ्लाई ओवर तथा 214 अण्डरपास का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत रू0 14849.09 करोड़ एवं सिविल निर्माण की अनुबन्धित लागत रू0 7766.81 करोड़ है। निर्माण हेतु बुन्देलखण्ड एक्सप्रेसवे को कुल 06 पैकेजों में विभक्त किया गया है।
बुंदेलखण्ड एक्सप्रेसवे परियोजना के 06 पैकेज के बिल्डरों का चयन ई-टेंडरिंग के जरिए किया गया है। इस परियोजना में न्यूनतम निविदा अनुमानित लागत से लगभग 12.72 प्रतिशत कम हो गई है, जिससे लगभग रू0 1132 करोड़ का लाभ यूपिडा को हुआ है। एक्सप्रेसवे का निर्माण सभी पैकेज के बिल्डरों द्वारा शुरू कर दिया गया है। कोविड-19 महामारी के कारण उत्पन्न रूकावट के बावजूद सभी पैकेजों द्वारा एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्य को महामारी पूर्व प्रगति दर प्राप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। क्लीयरिंग एण्ड ग्रबिंग का कार्य 100 प्रतिशत, मिट्टी का कार्य 95 प्रतिशत एवं 880 संरचनाओं के सापेख 705 संरचनाएं पूर्ण कर ली गयी हैं। परियोजना की कुल भौतिक प्रगति 74 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुकी है। परियोजना को पूर्ण करने की सम्भावित समयावधि दिसम्बर, 2021 है। बुन्देलखण्ड एक्सप्रेसवे पर चार फ्यूल स्टेशन स्थापित किये जाने हेतु आयल मार्केटिंग कम्पनियों के चयन की बोर्ड से स्वीकृति हो गई है।
बुन्देलखण्ड एक्सप्रेसवे परियोजना से देश, प्रदेश और क्षेत्रीय निवासियों को काफी लाभ मिलेगा। एक्सप्रेसवे के निर्माण से बुन्देलखण्ड क्षेत्र आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे एवं यमुना एक्सप्रेसवे के माध्यम से त्वरित एवं सुगम यातायात के कॉरिडोर से जुड़ जाएगा। एक्सप्रेसवे का निर्माण पूर्ण होने से बुन्देलखण्ड क्षेत्र का सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त होगा और क्षेत्र में समृद्धि आयेगी। एक्सप्रेसवे के प्रवेश नियंत्रित होने से वाहनों के ईधन खपत में महत्वूपर्ण बचत एवं प्रदूषण नियंत्रण भी संभव हो सकेगा। परियोजना से आच्छादित क्षेत्रों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के साथ ही कृषि, वाणिज्य, पर्यटन तथा उद्योगों की आय में बढ़ावा मिलेगा साथ ही क्षेत्रीय जनमानस, युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।
बुन्देलखण्ड एक्सप्रेसवे से आच्छादित क्षेत्रों में विभिन्न उत्पादन ईकाईयों, विकास केन्द्रों तथा कृषि उत्पादन क्षेत्रों को राष्ट्रीय राजधानी से जोड़ने हेतु एक औद्योगिक कॉरिडोर के रूप में विकसित करने में सहायक होगा। एक्सप्रेसवे के निकट इण्डस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, शिक्षण एवं प्रशिक्षण संस्थान, मेडिकल संस्थान आदि की स्थापना हेतु भी अवसर सुलभ होंगे। एक्सप्रेसवे हैण्डलूम उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण इकाईयों, भण्डारण गृह, मण्डी तथा दुग्ध आधारित उद्योगों की स्थापना हेतु एक उत्प्रेरक के रूप में काम करेगा। इस एक्सप्रेसवे के पूर्ण हो जाने पर पूरे बुन्देलखण्ड क्षेत्र सहित देश, प्रदेश को भी लाभ मिलेगा। विभिन्न आवश्यक खाद्य वस्तुऐ, औद्योगिक उत्पाद, विभिन्न कृषि व दुग्ध उत्पादों को किसान शीघ्रता से मण्डियों में पहुँचाते हुए अपनी आय में वृद्धि कर सकेंगे।
मण्डलीय उद्योग बन्धु की बैठक दिनांक 30 अक्टूबर 2021 को पूर्वान्ह 11.00 बजे
आजमगढ़ 27 अक्टूबर-- संयुक्त आयुक्त उद्योग ने अवगत कराया है कि मण्डलायुक्त महोदय की अध्यक्षता में मण्डलीय उद्योग बन्धु की बैठक दिनांक 30 अक्टूबर 2021 को पूर्वान्ह 11.00 बजे आयोजित किये जाने की सूचना दी गई थी। मण्डलायुक्त आजमगढ़ मण्डल आजमगढ़ द्वारा दिये गये निर्देशानुसार मण्डलीय उद्योग बन्धु की उक्त बैठक अब दिनांक 28 अक्टूबर 2021 को अपरान्ह 4.00 बजे से सिधारी स्थित आयुक्त सभागार में आयोजित की जायेगी।
धान क्रय की तैयारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक 30 अक्टूबर 2021 को।
आजमगढ़ 27 अक्टूबर-- आयुक्त, आजमगढ़ मण्डल, आजमगढ़ की अध्यक्षता में दिनांक 30 अक्टूबर 2021 को खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत धान क्रय की तैयारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आहूत की गयी थी, जो संशोधित कर दिया गया है।
उक्त के क्रम में सम्भागीय खाद्य नियंत्रक, आजमगढ़ सम्भाग, ने अवगत कराया है कि अपिहार्य कारणवश आयुक्त, आजमगढ़ मण्डल, आजमगढ़ के निर्देशानुसार उक्त बैठक दिनांक 28 अक्टूबर 2021 को सायं 06ः00 बजे आयुक्त कार्यालय सभाकक्ष, आजमगढ पर आयोजित की जायेगी।
छात्रवृत्ति: छात्रों के आनलाईन आवेदन करने की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर 2021 से 30 नवम्बर 2021 तक निर्धारित है।
आजमगढ़ 27 अक्टूबर-- जिला समाज कल्याण अधिकारी मोती लाल ने वित्तीय वर्ष 2021-22 में छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत जनपद आजमगढ़ में संचालित समस्त दशमोत्तर शिक्षण संस्थाओं को सूचित किया है कि छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति योजनान्तर्गत छात्रों के आनलाईन आवेदन करने की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर 2021 से 30 नवम्बर 2021 तक निर्धारित है।
इसी के साथ ही उन्होने बताया कि पूर्वदशम छात्रवृत्ति/शुल्क प्रतिपूर्ति योजनान्तर्गत छात्रों के आनलाईन आवेदन करने की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर 2021 से 19 नवम्बर 2021 तक निर्धारित है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जनपद के समस्त शिक्षण संस्थाओं से अपेक्षा किया है कि छात्रवृत्ति समय सारणी में निर्धारित तिथि से पूर्व समस्त अध्ययनरत छात्रों द्वारा छात्रवृत्ति आवेदन पूर्ण कराया जाय तथा पात्र आवेदनों को विद्यालय लागिन से अग्रसारित करना सुनिश्चित करें, जिससे छात्रों को ससमय छात्रवृत्ति का लाभ प्राप्त हो। यदि किसी पात्र छात्र का आवेदन शिक्षण संस्थान द्वारा अग्रसारित नहीं होता है तो सम्बन्धित संस्था स्वयं उत्तरदायी होगी।
आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
महामहिम राज्यपाल के जनपद आगमन को लेकर हेलीपैड स्थल एवं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण।
आज़मगढ़: महामहिम राज्यपाल, उ0प्र0, श्रीमती आनन्दीबेन पटेल का जनपद आजमगढ़ में सम्भावित आगमन के दृष्टिगत जिलाधिकारी राजेश कुमार व नवागत पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा चक्रपानपुर में हेलीपैड स्थल एवं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया गया।
जिलाधिकारी ने किया ऋण वितरण मेले का शुभारम्भ।
बैंकों के सहयोग से आजमगढ़ बिजनेस का हब बन सकता है- जिलाधिकारी
आजमगढ़ 27 अक्टूबर-- जिलाधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने एवं युवाओं, किसानों एवं महिलाओं को बिजनेश/व्यापार से जोड़ने के लिए अधिक से अधिक बैंकों द्वारा लोन (ऋण) का वितरण किया जाए। उन्होने कहा कि इससे जनपद के इकोनॉमिक गतिविधियों में वृद्धि होगी। उन्होने कहा कि कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन तथा अन्य प्रकार के व्यवसायों के लिए प्रचार-प्रसार कर लोगों को ऋण लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाये।
जिलाधिकारी राजेश कुमार ने आज नेहरू हाल के सभागार में यूनियन बैंक द्वारा आयोजित ऋण वितरण मेला का शुभारम्भ करते हुए कहा कि जनपद आजमगढ़ पूरे पूर्वांचल का केन्द्र हैं। यहॉ से पूर्वांचल के सभी जनपदों की अच्छी कनेक्टिविटी है। उन्होने कहा कि शीघ्र ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के प्रारम्भ हो जाने से बनारस एवं गोरखपुर के साथ ही अन्य जनपदों से भी व्यवसाय के लिए जनपद में आवागमन हो जायेगा।उन्होने कहा कि अच्छे संसाधन एवं बेहतर आवागमन से जुड़ने तथा बैंकों के सहयोग से आजमगढ़ बिजनेश का हब बन सकता है।
जिलाधिकारी ने बैंकों से कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित लोन (ऋण) के लक्ष्य को समय से पूर्ण करें। उन्होने कहा कि सरकारी स्कीमों में दिये गये लोन के प्रत्यावेदन को समय से निस्तारित करें। उन्होने कहा कि पात्र व्यक्तियों को अधिक से अधिक लोन देकर व्यापार के लिए प्रोत्साहित करें।
जिलाधिकारी ने इस अवसर पर पीएन इंटरप्राइजेज, एके हैचरी, विनायक गिफ्ट सेंटर, महेन्द्र गुप्ता, मो0 रेहान, उमेश यादव, दीपक चौहान, किश्मतुन निशा, कमल मोदनवाल, दुर्गा महिला स्वयं सहायता समूह, उमा शक्ति महिला, आदित्य बर्तन स्टोर तथा मनोज कुमार पाण्डेय आदि लोगों को लोन पत्र प्रदान किया।
जिलाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी अपील किया कि उक्त ऋण वितरण मेले का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें, जिससे कि अधिक से अधिक लोग इस ऋण वितरण मेले का लाभ प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर यूनियन बैंक के क्षेत्र प्रमुख उपस्थित रहे।
बहुजन समाज पार्टी की मंडलीय कार्यकर्ता बैठक सम्पन्न।
आज़मगढ़: बहुजन समाज पार्टी की आजमगढ़ मंण्डल की मंडलीय कार्यकर्ता बैठक शकुंतला मैरिज हॉल करतालपुर बाईपास में आयोजित की गई। इस कार्यकर्ता मंण्डलीय बैठक के मुख्य अतिथि डॉ अशोक सिद्धार्थ राष्ट्रीय महासचिव बसपा ने जहां पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महंगाई बेरोजगारी भ्रष्टाचार अन्य मुद्दों पर जमकर केंद्र व प्रदेश कि भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा वहीं पर सपा कांग्रेस को भी नहीं छोड़ा कहा कि सपा में गुंडाराज कायम था रोज हत्याएं लूट रेप गैंगरेप होते थे गरीबों शोषित समाज पर अत्याचार होता था।झूठ बोलकर सरकार में आए थे लेकिन भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी झूठ में सबको पीछे छोड़ दिए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते यह कहा कि अभी से आप लोग बुथों पर वोट बढ़ाने के लिए लग जाइए। बूथ अध्यक्ष सेक्टर अध्यक्ष ही पार्टी की रीढ़ होते हैं। इसलिए हम बूथ जीतेंगे सेक्टर जीतेंगे विधानसभा जीतेंगे तब जाकर बहन जी को मुख्यमंत्री बनाएंगे।
कार्यक्रम को प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर उत्तराखंड पश्चिमी उत्तर प्रदेश आजमगढ़ वाराणसी के मंडल प्रभारी समसुद्दीन राइन आदि लोगों ने कार्यकर्ताओं को 2022 में अभी से बूथ से लेकर विधानसभा तक लगने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय की तर्ज पर काम करने के लिए कहा।
इस मौके पर प्रभारी प्रत्याशी शंकर यादव सगड़ी विधानसभा, अश्वनी कुमार, संगीता आजाद, सुशील कुमार, मदन कुमार, हरीश चंद्र गौतम, विजय चौहान अध्यक्ष, अरविंद कुमार गौतम जिला महासचिव, जितेंद्र पासवान प्रधान, पूर्व प्रधान अंगद यादव, अनिल कुमार मोर्या, विजय प्रताप यादव, राजकुमार यादव, दुर्गा प्रसाद यादव, जनार्दन राम, महा प्रधान रामबृक्ष गौतम महा प्रधान प्रसाद आदि कार्यकर्ता पदाधिकारी मौजूद थे।
देवापार व तुरकौली में एसएमएस मशीन न लगाकर कटाई कर रही दो हार्वेस्टर पकड़ कर थाने को की गई सुपुर्द।
आज़मगढ़: जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के देवापार व तुरकौली गांव में धान की फसल की कटाई करते समय पराली प्रबंधन को लेकर एस एम एस मशीन ना लगाने पर उपजिलाधिकारी सगड़ी गौरव कुमार के निर्देश पर सगड़ी नायब तहसीलदार मयंक मिश्रा व कृषि अधिकारी अनिल कुमार दो हार्वेस्टर मशीनों को पकड़कर जीयनपुर पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार तुरकौली व देवापार ग्राम सभा में धान की फसल की कटाई करते समय बुधवार दिन में 2:00 बजे पराली प्रबंधन को लेकर हार्वेस्टर में एस एम एस मशीन नहीं लगाई गई थी वही हार्वेस्टर में जीपीएस लगा हुआ था जिसकी सूचना पर उपजिलाधिकारी सगड़ी गौरव कुमार ने सगड़ी के नायब तहसीलदार मयंक मिश्रा और कृषि अधिकारी अजमतगढ़ अनिल कुमार को मौके पर भेजा जहां धान की फसल कटाई करते समय दो मशीनों को सीज कर दिया गया जिसमें एक हार्वेस्टर नसीरपुर निवासी सदरे आलम व दूसरी हार्वेस्टर बास गांव निवासी भानु प्रताप राय की थी दोनों मालिकों को सूचित कर दिया गया वहीं दोनों मशीनों को जीयनपुर थाने को सुपुर्द किया गया। पराली प्रबंधन को लेकर शासन के निर्देश पर सगड़ी तहसील में तहसील प्रशासन की इस कार्यवाही से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है वहीं पूर्व में पराली प्रबंधन को लेकर सगड़ी तहसील पर हार्वेस्टर मालिक संघ ने एस एम एस मशीन न लगाने को लेकर ज्ञापन भी सौंपा था।














