आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
अन्य विभागों के साथ समन्वय बनाकर की जायेगी अभियान की शुरुआत।
15 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान भी चलाया जायेगा।
आजमगढ़, 29 मार्च 2022- स्वास्थ्य विभाग ने जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान चलाये जाने की पूरी तैयारी कर ली है। 2 से 30 अप्रैल तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत की जाएगी। जिसके अंतर्गत 15 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान भी चलाया जाएगा। यह कहना है मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आईएन तिवारी का।
डॉ तिवारी ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत आशा एवं आंगनवाड़ी घर-घर जाकर दिमागी बुखार एवं अन्य संक्रामक रोगों के मरीजों का चिन्हीकरण करेंगी। उनमें जागरूकता बढ़ाने, संचारी रोगों से बचाव तथा उपचार के विषय में बताएंगी। इस दौरान कुपोषित बच्चों का चिन्हीकरण, एन्फ्लूएंजा लाइक इलनेस रोगियों की सूची भी तैयार करेंगी।
जिला मलेरिया अधिकारी शेषधर द्विवेदी ने बताया की संचारी रोग नियंत्रण अभियान के दृष्टिगत स्वास्थ्य विभाग के साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायत राज विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग, उद्यान विभाग, नगरीय निकाय आदि विभागों के सहयोग से अभियान को सफल बनाया जाएगा।
डीएमओ शेषधर द्विवेदी ने कहा की संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान को जनपद में प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन के लिए समय से माइक्रो प्लान बना लिया गया है। जिसके तहत समय रहते, ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में जलजमाव वाले स्थलों को चिन्हित कर, वहां से जल निकासी का समुचित प्रबंधन किया जा सके| नालियों एवं झाड़ियों की साफ-सफाई वृहद अभियान चलाकर कराने के साथ ही संचारी रोग नियंत्रण के लिए व्यापक जागरूकता कार्यक्रम चलाने के निर्देश दिये जा चुके हैं। सर्वे के दौरान चिन्हित अतिकुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कराकर उनका समुचित इलाज किया जायेगा। शिक्षा विभाग के माध्यम से बच्चों व अभिभावकों को जागरूक करने एवं बच्चों को साफ-सफाई के लिए प्रेरित भी किया जाएगा।
नगर पालिका/नगर पंचायतों में वृहद अभियान चलाकर नाले नालियों एवं जल-जमाव वाले स्थलों पर एंटी लार्वा का छिड़काव व साफ-सफाई कराये जायेंगे। साथ ही दवाओं का छिड़काव एवं साफ-सफाई कराये जाने के पश्चात स्थानीय लोगों का फीडबैक भी लिया जाएगा। संचारी रोग अभियान एवं दस्तक अभियान से संबंधित समस्त विभाग आपस में समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने का कार्य करेंगे। इस दौरान आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है।