आज़मगढ़।
रिपोर्ट: गौरव सिंह राठौर
आजमगढ़ 07 मई-- जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की अध्यक्षता में तहसील फूलपुर के सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जन समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तायुक्त निस्तारण करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि इसमे किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नही होगी, जन समस्याओं का गुणवत्तायुक्त एवं समयबद्ध निस्तारण शासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर कुल 152 मामले आये, जिसमे से 12 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया तथा शेष 140 मामलों का निर्धारित समय सीमा के अन्तर्गत निस्तारण करने के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये।
जिलाधिकारी ने समस्त संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन-जिन विभागों से संबंधित आवेदन पत्र हैं, उसे जल्द से जल्द शत प्रतिशत निस्तारित करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि समस्याओं का निस्तारण प्रारम्भिक स्तर पर ही कर दिया जाए तो जनता को मुख्यालय तक नही जाना पड़ेगा। इसलिए अधिकारीगण प्राथमिकता के आधार पर प्रारम्भिक स्तर पर ही जन समस्याओं का वास्तविक निस्तारण कर दें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, एसडीएम फूलपुर, तहसीलदार फूलपुर, जिला विकास अधिकारी रवि शंकर राय, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार मौर्य, जिला पूर्ति अधिकारी सुनिल कुमार पुष्कर सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।