आज़मगढ़।
रिपोर्ट: गौरव सिंह राठौर
आजमगढ़ 24 मई-- जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार मौर्या ने बताया कि विभाग द्वारा जन-मानस एवं लाभार्थियों को विभाग की सेवाओं, पोषण प्रबन्धन, कुपोषण से बचाव के उपाय, पोषण शिक्षा आदि के सम्बन्ध में “पोषण पाठशाला“ आयोजित किये जाने का निर्णय लिया गया है। प्रमुख सचिव महोदया की अध्यक्षता में प्रथम पोषण पाठशाला का आयोजन दिनाँक 26 मई 2022 को अपरान्ह 12 से 02 बजे के मध्य एनआईसी के माध्यम से वीडियों कॉन्फेसिंग द्वारा किया जायेगा। इस कार्यक्रम का मुख्य थीम ‘‘शीघ्र स्तनपान-केवल स्तनपान“ है। पोषण पाठशाला में विभागीय अधिकारियों के अतिरिक्त विषय विशेषज्ञों द्वारा शीघ्र स्तनपान-केवल स्तनपान की आवश्यकता, महत्व, उपयोगिता आदि के सम्बन्ध में हिन्दी में विस्तार से चर्चा की जायेगी तथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाभार्थियों व अन्य द्वारा पूछे गये प्रश्नों का उत्तर दिया जायेगा। इस कार्यक्रम लाइव वेबकॉस्ट भी किया जायेगा, जिसका वेब लिंक https://webcast.gov.in/up/icds है। इस लिंक के माध्यम से कोई भी लाभार्थी आम जन-मानस इस कार्यक्रम से सीधे जुड़ सकता है।
पोषण पाठशाला के आयोजन के सम्बन्ध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिये गये हैं। जो प्रतिभागीय इस कार्यक्रम में एनआईसी के माध्यम से जुड़ेगे, उन्हें वेब-कॉस्ट के समय विषय विशेषज्ञों से प्रश्न पूछने का विकल्प होगा। यदि प्रतिभागियों के पास कोई प्रश्न हो तो उसे निर्धारित फार्मेट पर (हिन्दी में) ईमेल आईडी jpesnmup@gmail.com पर साझा किया जा सकता है।
पूर्व में ही यह सुनिश्चित किया जायेगा कि जिन प्रतिभागीयों/लाभार्थियों को प्रश्न पूछना है, उनकी सूची पूर्व में तैयार ही तैयार किया जायेगा तथा उन्हें एनआईसी में अनिवार्यता बुलाया जायेगा, क्योंकि एनआईसी के माध्यम से ही प्रश्न पूछा जा सकता है। विभाग के अन्य सभी मुख्य सेविकाएं, आशा, आशा संगिनी, ऑगनबाड़ी कार्यकत्री एवं मिनी ऑगनबाड़ी कार्यकत्री वेब लिंक के माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़ेंगी। ऑगनबाड़ी कार्यकत्रियां अपने स्मार्ट फोन के द्वारा वेब लिंक के माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़ेंगी। समस्त आँगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा अपने केन्द्र पर पंजीकृत अन्तिम त्रैमास की गर्भवती महिलाएं, धात्री माताएं/उनके अभिभावक की उपस्थिति सुनिश्चित की जायेगी। जो लाभार्थी किसी कारण से केन्द्र पर नहीं आ पायेगें, वे यथा सम्भव अपने घरों से वेब लिंक के माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़ेगें, यदि उनके पास स्मार्ट फोन की सुविधा उपलब्ध होगी। कार्यकत्रियों द्वारा यह सुनिश्चित किया जायेगा कि उनका मोबाइल फोन पूरी तरह चार्ज हो, ऑगनबाड़ी केन्द्र पर लाभार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था हो तथा पीने के लिए स्वच्छ पानी उपलब्ध हो। ऑगनबाड़ी केन्द्रों पर वेब-कॉस्ट के समय पोषण पाठशाला का एक संक्षिप्त बैनर प्रदर्शित किया जायेगा, जिसमें केवल पोषण पाठशाला व ऑगनबाड़ी केन्द्र के नाम का उल्लेख होगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि सभी मुख्य सेविकाएं, ऑगनबाड़ी कार्यकत्री एवं मिनी ऑगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा एवं आशा संगिनी को इस कार्यक्रम का वेब लिंक व दिशा-निर्देश ससमय प्रेषित किया जायेगा। उन्होने कहा कि समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी यह सुनिश्चित करेगें कि उनकी परियोजना की सभी ऑगनबाड़ी कार्यकत्री इस कार्यक्रम में वेब लिंक के माध्यम से जुड़े तथा उपरोक्तानुसार ऑगनबाड़ी केन्द्र पर लाभार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करें।