आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
18 मई तक चलेगा विशेष आयुष्मान पखवाड़ा, छूटे हुए परिवारों का बनेगा आयुष्मान कार्ड।
जिले में कुल 1089551 कार्ड बनाने का है लक्ष्य, 4 मई से अब तक बने 25 हजार कार्ड।
आजमगढ़, 11 मई 2022: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना व मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के आयुष्मान कार्ड विहीन परिवारों को कार्ड उपलब्ध कराने के लिए चार मई से विशेष अभियान शुरू किया गया है, जो 18 मई तक चलेगा। इस आयुष्मान पखवाड़े में कैंप लगाकर छूटे हुए लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। यह कहना है मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आईएन तिवारी का।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि विशेष शिविर में 4 से 11 मई तक 25 हजार लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड नि:शुल्क बनाये गए हैं। इसके बारे में ग्राम व वार्ड की आशा चिन्हित लाभार्थी परिवारों को शिविर स्थल तक आने के लिए प्रेरित करेंगी। लाभार्थी को आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए साथ में आधार कार्ड और राशन कार्ड लाना अनिवार्य है।
सीएमओ ने कहा कि सभी अंत्योदय कार्ड धारकों प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के लाभार्थियों से अपील है अभी तक जिनका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है। ऐसे लाभार्थियों को उनके गाँव की आशा,कोटेदार एवं ग्राम पंचायत में स्थित जन सेवा केंद्र के माध्यम से 4 से 18 मई तक चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत आयुष्मान बनाने की नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध कराई गई ह। इस आयुष्मान कार्ड बनवा लेने पर किसी भी राजकीय एवं आयुष्मान आबद्ध चिन्हित निजी चिकित्सालयों में पाँच लाख प्रति परिवार तक के नि:शुल्क गम्भीर बीमारियों के इलाज की सुविधा का लाभ ले सकते हैं।
जिला प्रणाली प्रबन्धक अजय प्रताप सिंह ने बताया कि आयुष्मान पखवाड़ा के तहत सुविधा के लिए लाभार्थी से कोई भी शुल्क नहीं लिया जाएगा। जिले में कुल 1089551 कार्ड बनाने का लक्ष्य है। जिले में वित्तीय वर्ष 2018 से अब तक कुल 234960 कार्ड बनाए जा चुके हैं। जिसमें कुल 13735 लोगों को इलाज का लाभ मिल चुका है। जिसके तहत कुल 6,83,73,565 रुपये का भुगतान किया गया है | पखवाड़े को सफल बनाने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों का सहयोग लिया जा रहा है। आशाओं को लक्षित अभ्यर्थियों की सूची उपलब्ध करा दी गई है। यदि किसी गांव या शहरी क्षेत्र में लाभार्थियों की संख्या को देखते हुए, एक से अधिक कैंप की सुविधा दी जाएगी, ताकि जरूरतमंदों के कार्ड बनाए जा सकें और उन्हें योजना से जोड़ा जा सके। लाभार्थी अधिक जानकारी के लिए हेल्प लाइन नंबर 7021543610 पर संपर्क कर सकते हैं।