आज़मगढ़।
रिपोर्ट: गौरव सिंह राठौर
आजमगढ़ 06 जून-- परियोजना अधिकारी यूपी नेडा ने अवगत कराया है कि यूपीनेडा प्रशिक्षण केन्द्र घोसी, मऊ पर बेरोजगार युवकों (न्यूनतम हाई स्कूल शैक्षिक योग्यता धारी) का रोजगार परक 06 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 03 सत्रों में निःशुल्क आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण अवधि में रहने खाने की निःशुल्क व्यवस्था होगी। इच्छुक युवक व्हाट्सएप नं0 9415609029 अथवा 9415609030 पर सूचित कर सकते हैं।
उन्होने बताया कि प्रथम प्रशिक्षण सत्र 06 जून से 11 जून 2022 में 30 प्रतिभागी, द्वितीय प्रशिक्षण सत्र 20 जून से 25 जून 2022 में 30 प्रतिभाग एवं तृतीय प्रशिक्षण सत्र 04 जुलाई से 09 जुलाई 2022 में 30 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। उन्होने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्रथम पाली में पंजीकरण नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा सामान्य जानकारी, ऑनग्रिड सोलर रूफटॉप संयंत्रों की स्थापना का विवरण, सोलर स्ट्रीट लाईट एवं सोलर पम्प की स्थापना व मरम्मत, ऊर्जा दक्ष एल.ई.डी. बल्ब, ट्यूब लाईट, सोलर पैनल इत्यादि की बनावट का सामान्य ज्ञान, एल.ई.डी. बल्ब/ट्यूब/झालर एसेम्बली का व्यवहारिक प्रशिक्षण एवं विद्युत मीटर रीडिंग, बनावट, कार्य प्रणाली व नेट मीटर के सम्बन्ध में प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रशिक्षण के दौरान द्वितीय पाली में आफग्रिड ऑनग्रिड सोलर पीवी संयंत्रों की कार्य प्रणाली एवं उसके अवयव, ऑनग्रिड सोलर रूफटॉप संयंत्र की स्थापना का विवरण, सोलर स्ट्रीट लाईट एवं सोलर पम्प की स्थापना व मरम्मत, इलेक्ट्रानिक पार्ट्स पीसीबी एवं सोल्डरिंग का प्रशिक्षण, एल.ई.डी. बल्ब/ट्यूब/झालर एसेम्बली का व्यवहारिक प्रशिक्षण एवं परीक्षा व मूल्यांकन एवं प्रमाण-पत्र वितरण का प्रशिक्षण दिया जायेगा।
परियोजना अधिकारी नेडा ने बताया कि पंजीकृत शुल्क के रूप में प्रत्येक प्रशिक्षु द्वारा रू0 500 का डी.डी. (यूपीनेडा चिनहट, लखनऊ) अथवा नगद जमा किया जायेगा। पंजीकरण शुल्क प्रशिक्षण के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपरांत प्रशिक्षणार्थियों को अन्तिम दिन वापस की जायेगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को आने-जाने का कोई भुगतान देय नहीं होगा।