आज़मगढ़।
रिपोर्ट: गौरव सिंह राठौर
आजमगढ़ 09 अगस्त-- भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशानुसार एवं जिलाधिकारी महोदय के आदेश पर जनपद में खाद्य तेल में मिलावट की रोकथाम, ट्रांस फैटी एसिड की मात्रा का पता लगाने, लेबलिंग प्रावधान और मल्टी सोर्स एडिबल आयल के लिए अनिवार्य एगमार्क लाइसेंस और जनपद में खुले तेलों की बिक्री पर प्रतिबन्ध लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग आजमगढ़ दिनांकः 01 अगस्त 2022 से 14 अगस्त 2022 तक सर्विलांस अभियान चला रहा है, जिसके तहत सभी संग्रहित नमूनों (उत्पादित/पैक्ड मल्टी सोर्स एडिबिल आयल (स्थानीय ब्राण्ड) तथा वेजिटेबिल आयल (स्थानीय ब्राण्ड) एवं ब्राण्डेड मल्टी सोर्स एडिबिल आयल व वेजिटेबिल आयल में समस्त मानकों पर ट्रांस फैटी एसिड की मात्रा की जांच की जायेगी। तत्क्रम में बूढ़नपुर तहसील से देशी कोल्हू कच्ची घानी, मयूर हैप्पी रिफाइण्ड सोयाबीन आयल, सगड़ी से धारा मस्टर्ड आयल तथा उजाला ब्रांड मल्टी सोर्स वेजिटेबल आयल का नमूना संग्रहित किया गया।
आगामी रक्षाबंधन त्यौहार के दृष्टिगत आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी महोदय के आदेश के क्रम में जनपद के आम जनमानस को शुद्ध एवं स्वच्छ खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में दो सचल खाद्य जाँच दल का गठन किया गया है, जो सम्पूर्ण जनपद में छापे मारी अभियान चलाकर मिलावट खोरों पर लगाम लगाएगा। इसी क्रम में टीम ने बलरामपुर चौकी के निकट 2 प्रतिष्ठानों से क्रमशः 1 पनीर, 1 बेसन का लड्डू एवं हाफ़िज़पुर से 01 बेसन का लड्डू तथा 01 छेने की मिठाई, कन्धरापुर से 01 छेने का नमूना तथा 15 किग्रा0 सन्दुषित छेने की मिठाई को नष्ट कराया तथा कोयलसा बाजार से मटर के दाल का 01 नमूना, जोखई पुत्र समझावन निवासी माहुल से पेड़ा का 01 नमूना, मिल्कीपुर से चंद्रकेश पुत्र लोरी से बर्फी का 01 नमूना एवं सीताराम स्वीट हाउस से बर्फी का 01 नमूना सहित कुल 09 नमूनें जांच हेतु संग्रहित किया गया। जिसकी जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरान्त खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के सुसंगत प्राविधानों के तहत कार्यवाही की जायेगी।
साथ ही साथ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग आजादी का अमृत महोत्सव के अन्तर्गत हर घर तिरंगा कार्यक्रम के सफल क्रियान्यवयन हेतु पूरे जनपद में समस्त खाद्य कारोबारकताओं के जन जागरूकता हेतु विशेष अभियान चला रहा है, जिसके तहत नगर पालिका परिषद मुबारकपुर एवं बिलरियागंज में व्यापारी संगठनों के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें उपस्थित सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं ने इस अभियान को हर सम्भव अपेक्षित सहयोग उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।
विभाग के अधिकारी ने बताया कि छापेमारी की कार्यवाही त्यौहार तक अनवरत जारी रहेगी। उन्होंने आम जनमानस से अपील की वे चमकीले व सामान्य से अधिक रंगे मिठाई या अन्य खाद्य पदार्थों का सेवन न करें।
उक्त छापेमार दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री रामबुझावन चौहान, श्री कीर्ति आनंद, श्री संजय कुमार सिंह, श्री आर0 सी0 यादव श्री अमरनाथ श्री प्रेमचन्द्र एवं खाद्य सहायक श्री शंकर राम एवं श्री अनिल कुमार सम्मिलित थे।