आज़मगढ़।
रिपोर्ट: आदर्श श्रीवास्तव
आजमगढ़ : अतरौलिया थाना क्षेत्र के मंगूरगढ के सिवान में गन्ने के खेत में करीब 17 वर्ष उम्र की किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सेल्हरापट्टी गांव निवासिनी के रूप में हुई। परिजनों का आरोप है कि लड़की गुरुवार को दोपहर 3:00 बजे से ही गायब थी। सूचना पाकर मौके पर एसपी अनुराग आर्य, एएसपी सिद्धार्थ तथा पुलिस फोर्स व फोरेंसिक टीम पहुंची। जानकारी के अनुसार लड़की के गायब होने की जानकारी के बाद गांव के लोगों ने टोली बनाकर उसकी खोजबीन शुरू कर दी। कल खोजबीन करने पर युवती नहीं मिली, आज सुबह गांव वाले जब उसे खोजने निकले तो उसका शव घर से करीब आधा किलोमीटर दूर दूसरी ग्राम सभा मगूरगढ़ में एक गन्ने के खेत से बरामद हुआ। युवती को देखने से प्रतीत हो रहा है कि दुष्कर्म के बाद दुपट्टे से उसकी गला दबाकर हत्या हो सकती है। स्थानीय लोगों के अनुसार सेल्हरापट्टी गांव में एक गन्ने के खेत से युवती का चप्पल और मौके से खून के छींटे मिले हैं और उसका शव दूसरी ग्राम सभा के गन्ने के खेत से बरामद हुआ है। इससे यह कयास लगाया जा रहा है कि उसकी हत्या सेल्हरापट्टी गांव के गन्ने के खेत में की गई और शव लाकर दूसरी ग्राम सभा मगूरगढ़ में गन्ने के खेत में फेंक दिया गया।
बता दें कि लड़की के परिवार में उसकी अन्य दो बहनें, भाभी और मां रहती हैं, पिता और भाई रोजी यू रोटी के लिए दिल्ली में रहते हैं। परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।