आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 20 अगस्त-- अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल कुमार मिश्र ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि निर्वाचक नामावली में सम्मिलित भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाताओं से स्वैच्छिक रूप से आधार नम्बर एकत्र किये जाने की कार्यवाही दिनांक 01 अगस्त 2022 से प्रारम्भ हो चुकी है, जिसके अन्तर्गत बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर आधार नम्बर एकत्र किया जा रहा है। उक्त के क्रम में मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा दिनांक- 21 अगस्त 2022 को विशेष अभियान की तिथि निर्धारित की गयी है। उक्त दिवस को सभी बीएलओ अपने मतदान केन्द्र पर सम्बन्धित भाग के निर्वाचक नामावली एवं आधार नम्बर संकलन संबंधी प्रारूप-6ख सहित प्रातः 11ः00 बजे से सायं 04ः00 बजे तक मतदान केन्द्र पर उपस्थित रहेंगे।
उन्होने कहा कि मतदाताओं द्वारा आधार नम्बर उपलब्ध कराना स्वैच्छिक है और इस आधार पर उसका नाम मतदाता सूची के डेटा बेस से अपमार्जित नहीं किया जायेगा कि उनके द्वारा आधार नम्बर उपलब्ध नहीं कराया गया है। किसी भी परस्थिति में प्राप्त आधार नम्बर को सार्वजनिक नहीं किया जायेगा।
उन्होने समस्त जनपदवासियों से अपील किया है कि अधिक से अधिक संख्या में मतदाता पोर्टल (NVSP, VHA) के माध्यम से अपना आधार नम्बर फार्म-6ख पर ऑनलाइन भरें अथवा अपने मतदान केन्द्र पर जाकर बीएलओ के पास फार्म-6ख भरकर जमा करें। फार्म-6ख बीएलओ के पास निःशुल्क उपलब्ध है।