Breaking News

नेहरु हाल में मनाया गया मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह।

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़, 14 अक्टूबर 2022 : जनपद में 10 अक्टूबर से राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है जोकि 16 अक्टूबर तक चलेगा।इस कार्यक्रम में *मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आईएन तिवारी ने* शुक्रवार को नेहरु हाल में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अपनी दैनिक दिनचर्या संयमित रखें, घर का बना ताजा खाना खायें  तथा योग एवं व्यायाम करें, इसे अपनाकर आप स्वस्थ जीवन व्यतीत कर सकते हैं।
डॉ. तिवारी ने बताया कि पूरे सप्ताह जनमानस को जागरूक करने लिए गोष्ठी समेत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह में मंडलीय जिला अस्पताल सहित ग्रामीण क्षेत्रों के समस्त सीएचसी व पीएचसी पर नि:शुल्क वृद्ध मानसिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें लोगों को मानसिक बीमारियों, लक्षण और इलाज के बारे में जागरूक किया जा रहा है। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से संबंधित जानकारी व उचित परामर्श भी दिया जा रहा है।
 
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ ए अजीज ने बताया कि कोविड के बाद लोगों में मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं बढ़ी है । उन्होंने बताया कि हमें अपनी दिनचर्या व आदतों में तुरंत सुधार करने की जरुरत है। कोरोना संक्रमण के बाद से कम उम्र के लोगों में तनाव-चिंता और गंभीर मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं को देखा गया है। अपनी दिनचर्या को संयमित करके इस बीमारी से बचा जा सकता है। मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित अधिक जानकारी व इलाज के लिए मंडलीय जिला चिकित्सालय में संपर्क कर सकते हैं।

मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ नीतीश यादव ने बताया कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए जनमानस को जागरूक व प्रोत्साहित किया जारहा है। मानसिक स्वास्थ्य समस्या के कई कारण हैं जिनसे यह रोग बढ़ता है। प्रारंभिक लक्षणों पर गौर करें तो किन्हीं कारणों से नींद न आना या देर से आना, भूख में कमी, तनाव, उलझन, घबराहट आदि का रहना, व्यवहार में प्रति निराश रहना, बार-बार आत्महत्या का विचार आना, उदासी, लोगों से दूर रहना, चिड़चिड़ापन आदि कई प्रकार की समस्या होती हैं। किसी को मानसिक बीमारी है तो उसे अपने तनाव, अवसाद, गहन चिंता आदि को नियंत्रित करना चाहिए, नियमित स्वास्थ्य देखभाल पर ध्यान देना चाहिए, पर्याप्त नींद लेनी चाहिए, पौष्टिक आहार लें व नियमित व्यायाम करना चाहिए।

बरतें सावधानी-

- एक स्वस्थ जीवनशैली में संतुलित आहार का महत्व जरूरी
- संतुलित व स्वस्थ आहार लें, फल व सब्जियों की मात्रा बढ़ाएं।
- नियमित व्यायाम से शरीर को चुस्त-दुरुस्त रखें।
- तनाव मुक्त रहें, कोई दिक्कत हो तो परिवार से साझा करें।
- प्रतिदिन छह से सात घंटे की निद्रा या आराम जरूरी।
- दिक्कत महसूस हो तो प्रशिक्षित चिकित्सक से ही संपर्क करें।
 
कार्यक्रम में जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी, डीटीओ डॉ परवेज अख्तर,  उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी  डॉ एके चौधरी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ वाई प्रसाद, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संजय गुप्ता,  दिलीप मौर्या (एफएलसी), एएनएम प्रशिक्षण केंद्र की छात्राएं, आशा, मानसिक रोग से ग्रसित बच्चे तथा बुजुर्ग, स्वयं सेवी संस्था के कर्मचारियों सहित कुल 96 लोग उपस्थित थे।

और नया पुराने