Breaking News

किड्स किंगडम स्कूल, भरौली में रंगारंग वार्षिकोत्सव सम्पन्न


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: आदर्श श्रीवास्तव

आज़मगढ़: सगड़ी तहसील क्षेत्र के अजमतगढ़ के भरौली स्थित किड्स किंगडम स्कूल में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। नृत्य, नाटक, गीत-संगीत और विभिन्न कला प्रदर्शनों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई, जिसने माहौल को आनंदमय बना दिया। इसके बाद बच्चों ने लोक नृत्य, देशभक्ति गीत और सामाजिक संदेश देने वाले नाट्य मंचन प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' पर आधारित नाटक ने दर्शकों को भावुक कर दिया और सामाजिक संदेश दिया। वहीं, समूह नृत्य और बॉलीवुड गीतों पर बच्चों की आकर्षक प्रस्तुति ने खूब तालियां बटोरीं। कार्यक्रम के दौरान शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि कुलदीप नारायण सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी, अजमतगढ़ ने मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। मुख्य अतिथि श्री सिंह ने बच्चों की प्रशंसा करते हुए कहा, "शिक्षा के माध्यम से हम अपने सभी लक्ष्यों को प्राप्त कर सकते हैं। बच्चों में असीम संभावनाएं हैं, जिन्हें सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की आवश्यकता है। यह देखकर खुशी होती है कि किड्स किंगडम स्कूल के विद्यार्थी न सिर्फ पढ़ाई में बल्कि सांस्कृतिक गतिविधियों में भी अव्वल हैं।" उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रबंधक चंद्रशेखर शर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, अभिभावकों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "हमारा उद्देश्य बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और संस्कारों से भी संपन्न बनाना है, ताकि वे आगे चलकर अपने माता-पिता और विद्यालय का नाम रोशन करें।" इस अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। वार्षिकोत्सव का आयोजन विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयास का परिणाम रहा, जिसने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

और नया पुराने