आज़मगढ़।
रिपोर्ट: आदर्श श्रीवास्तव
आजमगढ़: जिले के जहानागंज ब्लॉक के भुजही स्थित प्रतिष्ठित नर्सिंग संस्थान बाबा राम सनेही दास स्कूल ऑफ नर्सिंग में दीप प्रज्वलन एवं शपथ ग्रहण समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने नर्सिंग सेवा की शपथ ली और विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के चेयरमैन डॉ. सुजीत कुमार सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने नर्सिंग क्षेत्र की महत्ता और बढ़ती उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा, "वर्ष 2012 में जब ग्रामीण क्षेत्र में नर्सिंग कॉलेज की संकल्पना मुश्किल लग रही थी, तब हमने शासन और यूपी स्टेट मेडिकल फैकल्टी के सहयोग से इस संस्थान की नींव रखी। आज यह संस्थान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण का केंद्र बन चुका है। आने वाले समय में भी हम नए रोजगारपरक पाठ्यक्रमों को जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"
कार्यक्रम की अध्यक्षता इंटर कॉलेज भुजही के प्रधानाचार्य श्री कृष्णमनन चौबे ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने संस्थान द्वारा प्रदान की जा रही उच्च स्तरीय चिकित्सा शिक्षा की सराहना करते हुए कहा, "यह संस्थान न केवल शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी है, बल्कि इसके विद्यार्थी देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों में अपनी सेवाएं देकर संस्था का गौरव बढ़ा रहे हैं।"
संस्थान के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए चेयरमैन डॉ. सुजीत कुमार सिंह ने कहा कि बाबा राम सनेही दास इंटर कॉलेज के सहयोग से इस ग्रामीण क्षेत्र में और भी रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिससे युवाओं को बेहतर भविष्य मिल सके।
इस भव्य समारोह में नर्सिंग शिक्षक शिवांगी, निधि, आराधना, नीलम, शरद प्रजापति, अरुण कुमार, जयप्रकाश यादव, महेंद्र यादव, नीरज पांडे, विवेक कुमार, गोविंद यादव सहित कई गणमान्यजन उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन और समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ, जिससे समस्त उपस्थित जनों में हर्ष और गर्व की भावना देखी गई।