आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़। तहबरपुर पुलिस ने सोमवार रात एक पुलिस मुठभेड़ में अन्तरजनपदीय गो-तस्कर को गिरफ्तार किया। घायल तस्कर के कब्जे से अवैध असलहा व कारतूस बरामद किए गए हैं। वहीं मौके से फरार हुए उसके साथी की तलाश जारी है।
प्रभारी निरीक्षक तहबरपुर सुदेश कुमार सिंह की टीम ने 15 अप्रैल को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर मुखबिर की सूचना पर एक ट्रक (UP 63T 8818) को रोका था, जिसमें 20 प्रतिबंधित पशु लदे मिले। ट्रक चालक रोहित यादव पुत्र लाल बहादुर निवासी कोहड़ा, थाना शाहगंज, जनपद जौनपुर व उसका साथी मौके से फरार हो गए थे। इस पर थाना तहबरपुर में गौहत्या निवारण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ की गई।
उसी रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रोहित यादव और उसका साथी ग्राम करियावर के सामने एक खंडहर में छिपे हैं। घेराबंदी के दौरान रोहित यादव ने पुलिस पर फायर कर दिया, जिसके जवाब में आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में वह घायल हो गया। उसे सीएचसी तहबरपुर में भर्ती कराया गया।
घायल अभियुक्त के कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा व एक मिस कारतूस बरामद हुए। अभियुक्त के विरुद्ध थाना तहबरपुर में आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस पूछताछ में रोहित यादव ने स्वीकार किया कि वह और उसका साथी राजस्थान से प्रतिबंधित पशु खरीदकर उन्हें बिहार के सिवान में बेचने का कार्य करते हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी चौंकाने वाला है। रोहित यादव के खिलाफ आजमगढ़, जौनपुर, गोरखपुर, अमेठी, प्रयागराज सहित कई जनपदों में 13 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, गौहत्या, गैंगस्टर एक्ट और जालसाजी शामिल हैं।
फरार अभियुक्त की पहचान आविद पुत्र आशिक अली निवासी पूरे बदई, महोना पश्चिम तवर, अमेठी के रूप में हुई है। उसकी तलाश की जा रही है।
गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार सिंह, व0उ0नि0 संजय कुमार सिंह, उ0नि0 लोकेशमणि त्रिपाठी समेत कुल 12 सदस्यीय टीम शामिल रही।