पारदर्शिता और सहयोग से कार्य करने का मिला भरोसा
आजमगढ़ (सगड़ी): सगड़ी तहसील में हुए प्रशासनिक फेरबदल के अंतर्गत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नरेंद्र गंगवार के स्थानांतरण के बाद पंकज दीक्षित ने नवागत एसडीएम के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर डिजिटल मीडिया एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष शरदचंद्र मिश्रा के नेतृत्व में शिष्टाचार भेंट कर उन्हें शुभकामनाएं दीं
भेंट के दौरान एसडीएम पंकज दीक्षित ने पत्रकारों को आश्वस्त किया कि प्रशासन और मीडिया मिलकर जनहित में कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और परस्पर सहयोग की भावना के साथ कार्य करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। साथ ही, उन्होंने डिजिटल मीडिया एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और संगठन के साथ सकारात्मक संवाद बनाए रखने की अपेक्षा जताई।
एसडीएम दीक्षित ने स्पष्ट रूप से कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित एवं न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करना उनका मुख्य उद्देश्य रहेगा। उन्होंने आय, जाति, निवास एवं मृत्यु प्रमाण-पत्रों के निर्गमन में आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उचित जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इसके अतिरिक्त, पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार विवेकानंद दूबे से भी शिष्टाचार मुलाकात की और प्रशासन एवं मीडिया के बीच बेहतर समन्वय की अपेक्षा जताई।
तहसीलदार दूबे ने भी पत्रकारों को विश्वास दिलाया कि जनहित से जुड़े सभी मामलों में प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा।यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसे प्रशासन और मीडिया के बीच सहयोग एवं संवाद की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर डिजिटल मीडिया एसोसिएशन के अध्यक्ष शरदचंद्र मिश्रा, संरक्षक तेज प्रताप श्रीवास्तव, महामंत्री एहतेशाम आज़ाद, राकेश श्रीवास्तव, वीर सिंह, जितेंद्र यादव, फहद खान, नीतीश जायसवाल, इन्द्रेश राणा, आदर्श श्रीवास्तव, बृजेंद्र कुमार, आनंद गोंड सहित अनेक पत्रकार साथी एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।