तरवां थाना क्षेत्र में बारात विवाद से उपजा बवाल: पथराव व बंधक बनाने के मामले में एक और गिरफ्तार।

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

अब तक 15 आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़। तरवां थाना क्षेत्र के ठाटा दोयम गांव में बीते 18 अप्रैल को बारात के दौरान हुए विवाद से उपजे मारपीट, पथराव और बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने एक और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक इस प्रकरण में कुल 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

घटना का विवरण

बीते 18 अप्रैल को नागेन्द्र चौहान की बारात बलिया जिले के बेल्थरा रोड गई थी। बारात में डीजे पर गाना बजाने को लेकर बारातियों के बीच ही विवाद हो गया, जिससे कुछ लोगों को चोटें आईं। इसी दौरान दुल्हे के गांव ठाटा दोयम में मौजूद महिलाएं और बच्चे, जो विवाह समारोह के सिलसिले में आए थे, पर आरोप लगाए गए कि उन्हीं के कहने पर बारात में झगड़ा हुआ।

सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक मधुसूदन चौरसिया मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ ने एक वाहन (UP65FH7238) को घेरकर उसमें बैठे महिलाओं, बच्चों और चालक को बंधक बना लिया। थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा, किन्तु समझाने के बाद भी हमलावर लाठी, डंडा और ईंट-पत्थर से हमला करने लगे। गाड़ियों को क्षतिग्रस्त किया गया और पुलिस बल पर भी हमला हुआ। हालात तनावपूर्ण हो गए, जिसके बाद बल प्रयोग कर बंधकों को सुरक्षित निकाला गया।

इस घटना के संबंध में थाना तरवां पर मु0अ0सं0 82/2025 धारा 190, 191(2), 191(3), 109, 127(2), 125, 121(1) भा.दं.सं., 7 सीएलए एक्ट व 3/5 लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

अब तक गिरफ्तार हुए अभियुक्त

इस मामले में अब तक कुल 15 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिसमें शनिवार को नीरज पुत्र स्व. शोभनाथ निवासी ठाटा उचहुआ, उम्र 27 वर्ष को उचहुआ बाजार से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी उपनिरीक्षक शिवम द्विवेदी व उपनिरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह की टीम द्वारा की गई।

अन्य विवरण

प्रकरण में लगभग 50-60 महिला व पुरुष आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस द्वारा दबिश दी जा रही है। विवेचना उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह द्वारा की जा रही है।

और नया पुराने