आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़। जीयनपुर थाना क्षेत्र के लाटघाट बाजार स्थित एसबीआई एटीएम में स्टील प्लेट लगाकर धोखाधड़ी करने वाले तीन शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से 8 हजार रुपये नकद, स्टील उपकरण, कैची और बाइक बरामद हुई है।
थाना जीयनपुर में दर्ज मुकदमे के मुताबिक 9 अगस्त को पीड़ित सचिन सिंह ने एटीएम से 8 हजार रुपये निकालने की कोशिश की, लेकिन मशीन के कैश आउटलेट में स्टील प्लेट फंसी होने से पैसा बाहर नहीं आया। बाद में जब वह चला गया तो आरोपी प्लेट निकालकर नकदी ले गए।
विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक जाफर खान ने सोमवार को आरोपियों — सद्दाम (19), एजाज (20) और सलीम (27), तीनों निवासी मोहम्मदपुर, जीयनपुर — को लाटघाट एटीएम के पास दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कई एटीएम से इसी तरीके से पैसा निकालने की बात कबूल की।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धाराएं बढ़ाते हुए आरोपियों का चालान न्यायालय को भेज दिया।