आज़मगढ़। मेहनगर विधानसभा क्षेत्र के चकवारा गांव से क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी कमलेश सिंह ने शनिवार को शहर स्थित एक होटल में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि वे जनता की समस्याओं को देखते हुए चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि जनता ने उन्हें समर्थन और आशीर्वाद दिया, तो वे क्षेत्र के विकास और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का काम करेंगे।
कमलेश सिंह मूल रूप से मेहनगर क्षेत्र के चकवारा गांव के निवासी हैं और मुंबई में उनका कारोबार है। उन्होंने बताया कि वे नियमित रूप से गांव आते रहते हैं और अब तक दो मंदिरों का निर्माण कराकर तथा अन्य सामाजिक कार्यों में सहयोग देकर जनता की सेवा करते रहे हैं। वर्तमान में वे अपने गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति की स्थापना करवा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जब भी वे गांव आते हैं, टूटी सड़कों और परेशान जनता को देखकर मन व्यथित हो उठता है। इसी वजह से उन्होंने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। “जनता भी चाहती है कि मैं आगे बढ़कर क्षेत्र की सेवा करूं, इसलिए यह कदम उठाया है,” उन्होंने कहा।
कमलेश सिंह ने मौजूदा ब्लॉक प्रमुखों पर निशाना साधते हुए कहा कि “ब्लॉक प्रमुखों को देखे हुए 15-20 साल बीत गए, लेकिन क्षेत्र की स्थिति जस की तस है।” उन्होंने बताया कि प्रयागराज कुंभ के दौरान उन्होंने अपने गांव से श्रद्धालुओं को स्नान के लिए 15-20 गाड़ियाँ भेजी थीं।
उन्होंने कहा, “मेरा मकसद राजनीति से पैसा कमाना नहीं, बल्कि क्षेत्र की सेवा करना है। भगवान की कृपा से मेरे पास सब कुछ है, अब मैं जनता के आशीर्वाद से क्षेत्र में विकास की गंगा बहाना चाहता हूं।”