आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आज़मगढ़ (सगड़ी): सगड़ी तहसील क्षेत्र के लाटघाट स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर मंगलवार को गैस सिलेंडर लेने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही करीब 500 उपभोक्ता एजेंसी पर पहुंच गए, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, गैस की सीमित आपूर्ति के कारण सभी उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल सका। कुछ लोगों को गैस उपलब्ध हुई, जबकि बड़ी संख्या में उपभोक्ता मायूस होकर बिना सिलेंडर लिए ही वापस लौट गए।
एजेंसी संचालक रामाश्रय यादव ने बताया कि वर्तमान में सप्ताह में दो बार कुल लगभग 600 सिलेंडर ही प्राप्त हो रहे हैं, जबकि पहले एक सप्ताह में करीब 1200 सिलेंडर की आपूर्ति होती थी। उन्होंने बताया कि एजेंसी से जुड़े करीब 15,000 उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध कराना इस समय चुनौती बना हुआ है।
संचालक ने स्पष्ट किया कि गैस सिलेंडर केवल बुकिंग के आधार पर ही वितरित किया जा रहा है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे बिना बुकिंग एजेंसी पर न पहुंचें, ताकि अनावश्यक भीड़ और परेशानी से बचा जा सके।