आजमगढ़: जिले के जाफरपुर स्थित पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष प्रवीण सिंह की मंडई पर आयोजित होली मिलन समारोह में राजनीतिक और सामाजिक एकता की अनूठी मिसाल देखने को मिली। कार्यक्रम में दलीय सीमाएं टूटती नजर आईं और विभिन्न दलों के नेता एक मंच पर नजर आए।
सोमवार शाम आयोजित समारोह का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान गणेश की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद आयोजक प्रवीण सिंह ने मुख्य अतिथियों विधायक संग्राम यादव एवं जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव का चंदन तिलक लगाकर तथा गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा के साथ स्वागत किया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक कलाकार राजेश रंजन को चुनरी भेंट कर सम्मानित किया गया। कलाकारों ने राधा-कृष्ण स्वरूप में होली गीतों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिससे वातावरण भक्तिमय और उत्सवी हो उठा। प्रस्तुति ने बरसाने की होली की झलक प्रस्तुत कर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
समारोह की खास बात यह रही कि यहां रंग-गुलाल के बजाय गुलाब के फूलों से होली खेली गई, जिससे पर्यावरण संरक्षण और शालीनता का संदेश दिया गया। चंदन तिलक की परंपरा ने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक रंग प्रदान किया।
इस अवसर पर सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, भाजपा से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अखिलेश मिश्रा गुड्डू, कांग्रेस, बसपा सहित विभिन्न दलों के नेता, छात्र राजनीति से जुड़े युवा, बुद्धिजीवी, समाजसेवी और शिक्षक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक प्रवीण सिंह ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।