Breaking News

विश्वकर्मा महासभा के होली मिलन में जुटी भीड़, राजनीतिक हिस्सेदारी और एकजुटता पर जोर


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़: जनपद के नरौली स्थित विश्वकर्मा भवन में अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के तत्वावधान में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक एकता के साथ राजनीतिक भागीदारी का मुद्दा प्रमुखता से उठा।


समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, चन्ददेव राम यादव, जिलाध्यक्ष हवलदार यादव और विधायक अखिलेश यादव मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बीरेंद्र विश्वकर्मा ने की तथा संचालन नगर अध्यक्ष दिनेश विश्वकर्मा ने किया।

अपने संबोधन में राम आसरे विश्वकर्मा ने कहा कि समाज की राजनीतिक भागीदारी बेहद सीमित है, जिसका सीधा असर उसके विकास पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा और लोकसभा में प्रतिनिधित्व न होने के कारण समाज की आवाज प्रभावी ढंग से नहीं उठ पाती।

उन्होंने दावा किया कि विश्वकर्मा समाज की जनसंख्या और वोट संख्या पर्याप्त होने के बावजूद संगठन की कमी के कारण उसकी ताकत दिखाई नहीं देती। एकजुट होकर मतदान करने पर राजनीतिक स्थिति बदल सकती है।

उन्होंने समाजवादी पार्टी की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि पूर्व में समाज को पहचान और प्रतिनिधित्व मिला, जबकि वर्तमान सरकार पर उन्होंने उपेक्षा के आरोप लगाए। साथ ही उन्होंने वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर राजनीतिक संदेश भी दिया और संगठन मजबूत करने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में राम अवतार विश्वकर्मा, अमरनाथ विश्वकर्मा, सुनील दत्त विश्वकर्मा, हरिकेश विश्वकर्मा, मनीष विश्वकर्मा, संजय विश्वकर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार व्यक्त किए।

समारोह में बड़ी संख्या में समाज के लोगों की मौजूदगी रही और होली के रंगों के बीच सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया गया।


और नया पुराने