लालगंज (आजमगढ़): देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कमालगंज (गोसाईगंज) बाजार में शनिवार रात करीब 9 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दुकान बंद कर घर लौट रहे पिता-पुत्र को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल जौनपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार तड़के पिता सियाराम विश्वकर्मा (60) की मौत हो गई। पुत्र अजय विश्वकर्मा (30) का इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, बरसेरवा गांव निवासी सियाराम विश्वकर्मा अपने बेटे अजय के साथ कमालगंज बाजार में फर्नीचर की दुकान चलाते थे। शनिवार रात दोनों दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। दुकान से लगभग 100 मीटर दूर पहुंचे ही थे कि जौनपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाल विमल प्रकाश राय के अनुसार, अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतक के तीन पुत्र हैं, जिनमें घायल अजय सबसे छोटा है।