सगड़ी/आजमगढ़। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता घनश्याम पटेल ने सगड़ी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर संत-महात्माओं एवं मंदिरों के पुजारियों का सम्मान किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने सनातन संस्कृति में गुरु की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए समाज को गुरुजनों के प्रति सम्मान और श्रद्धा का संदेश दिया।
कार्यक्रम के तहत घनश्याम पटेल सबसे पहले बाजार गोसाई स्थित श्री सिद्ध संत बाबा रामदास जी मंदिर (कुटी) पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत दर्शन-पूजन किया। इसके बाद मंदिर के पुजारी का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया तथा उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और गुरु पूर्णिमा के महत्व पर चर्चा की।
इसके पश्चात भाजपा नेता घनश्याम पटेल चकलालचंद स्थित प्रसिद्ध चौमुखी नाथ मंदिर पहुंचे। वहां भी उन्होंने दर्शन-पूजन कर मंदिर के पुजारी का सम्मान किया और अंगवस्त्र भेंट करते हुए उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर घनश्याम पटेल ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। गुरु ही मनुष्य को अज्ञानता के अंधकार से निकालकर ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाते हैं। उन्होंने संत रविदास के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि संत रविदास ने समाज को कर्म और भक्ति का मार्ग दिखाया तथा यह संदेश दिया कि "मन चंगा तो कठौती में गंगा"।
उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा महर्षि वेदव्यास की जयंती के रूप में भी मनाई जाती है। वेदव्यास ने वेदों और पुराणों के माध्यम से भारतीय संस्कृति को नई दिशा प्रदान की।
उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा भी गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं और कार्यकर्ता हर वर्ष अपने गुरुजनों एवं संतों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।गुरु पूर्णिमा के अवसर पर घनश्याम पटेल की इस पहल की क्षेत्रवासियों ने सराहना की और इसे भारतीय संस्कृति एवं गुरु परंपरा के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया।