मुबारकपुर और गंभीरपुर क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई, ठगी की रकम होल्ड कराकर पीड़ितों के खातों में कराई वापसी
आजमगढ़। साइबर ठगी के मामलों में आजमगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो पीड़ितों की कुल 13,247 रुपये की धनराशि वापस कराई है। मुबारकपुर और गंभीरपुर थाना क्षेत्र में हुई साइबर ठगी की शिकायतों पर पुलिस की साइबर टीम ने संबंधित बैंक और पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम का एक हिस्सा होल्ड कराया और नियमानुसार पीड़ितों के खातों में वापस कराया।
मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती निवासी शमशेर अली के साथ फल उपलब्ध कराने का झांसा देकर 57 हजार रुपये की साइबर ठगी की गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 56,565 रुपये होल्ड कराए। इनमें से 6,690 रुपये नियमानुसार पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए। शेष धनराशि की वापसी के लिए संबंधित बैंक से समन्वय कर कार्रवाई की जा रही है।
इसी तरह गंभीरपुर थाना क्षेत्र के कमरावां गांव निवासी तिलथु यादव के HDFC बैंक खाते से फोन-पे के माध्यम से 44,998 रुपये का साइबर फ्रॉड हुआ था। पीड़ित की ओर से साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। इसमें ठगी की रकम होल्ड कराई गई, जिसके बाद MRM पोर्टल के माध्यम से 6,557 रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराए गए। शेष धनराशि की वापसी के लिए प्रक्रिया जारी है।
पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में अब तक कुल 13,247 रुपये पीड़ितों को वापस कराए जा चुके हैं।
आजमगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने से ठगी की रकम को होल्ड कराने और उसे वापस कराने की संभावना बढ़ जाती है।