Breaking News

देशी शराब की दुकान पर जाली नोट से शराब खरीदने का मामला, एक गिरफ्तार


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

रौनापार पुलिस ने 100 रुपये का जाली नोट किया बरामद, दूसरे व्यक्ति को नोट देकर शराब खरीदने भेजने का आरोप

आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र में देशी शराब की दुकान पर जाली नोट देकर शराब खरीदने के मामले में पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 100 रुपये का एक जाली नोट बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पंकज राय उर्फ विनय कुमार राय निवासी जोकहरा, थाना रौनापार के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर को सहदेवगंज निवासी उदयभान यादव, जो गांगेपुर मठिया स्थित देशी शराब की दुकान पर सेल्समैन हैं, ने रौनापार थाने में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि रामअशीष यादव उर्फ बग्गड़ ने अपने साथी पंकज राय उर्फ विनय कुमार राय को 100-100 रुपये के दो जाली नोट देकर शराब खरीदने के लिए भेजा था।

तहरीर के आधार पर रौनापार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 285/2026 के तहत बीएनएस की धारा 179/180 में मुकदमा दर्ज किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रौनापार पुलिस ने 7 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने पंकज राय उर्फ विनय कुमार राय को ग्राम पहाड़पुर गोड़ौली स्थित इंटरलॉकिंग मार्ग के पास से सुबह करीब 6:17 बजे गिरफ्तार किया।

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 100 रुपये का एक जाली नोट बरामद किया है। उसके विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध रौनापार थाने में वर्ष 2017 में धारा 498ए, 323, 506 आईपीसी व 3/4 डीपी एक्ट तथा धारा 308, 323 आईपीसी के तहत भी मुकदमे दर्ज रहे हैं।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रमेश कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रामअनुज शुक्ला और कांस्टेबल रविशंकर चौरसिया शामिल रहे।

और नया पुराने