Breaking News

कूटरचित दस्तावेजों से व्यक्तिगत विवरण बदलकर दो पासपोर्ट बनवाने का आरोपी गिरफ्तार


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

जहानागंज पुलिस ने मंदे बॉर्डर के पास से वांछित अभियुक्त को पकड़ा, विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजा

आजमगढ़। कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर व्यक्तिगत विवरण में परिवर्तन कर एक से अधिक पासपोर्ट बनवाने के मामले में जहानागंज पुलिस ने एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को 7 अक्टूबर को मंदे बॉर्डर के पास से गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को पासपोर्ट धारक सलमान अहमद पुत्र मोहम्मद इरफान, निवासी सलेमपुर, थाना जहानागंज के संबंध में प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर व्यक्तिगत विवरण में परिवर्तन कर एक से अधिक पासपोर्ट बनवाए गए।

इस मामले में जहानागंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 202/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(2), 319(2) तथा पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12(1)(B) के तहत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 336(3), 338 और 340(2) की बढ़ोतरी की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जहानागंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सलमान पुत्र मोहम्मद इरफान, उम्र करीब 28 वर्ष, निवासी सलेमपुर को मंदे बॉर्डर के पास से शाम करीब 7:45 बजे गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने मामले से संबंधित घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अच्छेलाल यादव, हेड कांस्टेबल अमरेश सिंह और रिजर्व कांस्टेबल विवेक गोंड, थाना जहानागंज शामिल रहे।


और नया पुराने