Breaking News

महिला एवं बालिका अपराध के मामलों में पुलिस की कार्रवाई, तीन वांछित अभियुक्त गिरफ्तार


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

कन्धरापुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म व अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने के आरोपी को दबोचा, मोबाइल बरामद; अहरौला पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने व दुष्कर्म के आरोपी समेत दो को किया गिरफ्तार

आजमगढ़। महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने कन्धरापुर और अहरौला थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने एक आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, जबकि दूसरे के बताए स्थान से अवैध पिस्टल बरामद की है। वहीं, एक मामले में किशोरी को सकुशल बरामद किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान थाना कन्धरापुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने तथा अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने के मामले में वांछित सरफराज आलम पुत्र जावेद आलम, निवासी चक सहदरिया पश्चिम मोहल्ला जहानागंज को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, युवती की तहरीर पर 5 अक्टूबर को मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने 6 अक्टूबर को चन्द्रमा ऋषि आश्रम पुलिया के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त Vivo T3X मोबाइल फोन बरामद किया गया।

इसी क्रम में थाना अहरौला पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने एवं दुष्कर्म के मामले में वांछित सूरज कुमार पुत्र किशोरी लाल, निवासी ग्राम पिपरा दोयम, थाना शिवनगर डिडई, जनपद सिद्धार्थनगर को बरामदपुर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने किशोरी को भी सकुशल बरामद कर लिया।

वहीं, अहरौला पुलिस ने किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास, जान से मारने की धमकी तथा अवैध पिस्टल से फायरिंग के मामले में वांछित आर्यन यादव पुत्र मनोज यादव, निवासी ग्राम पकड़ी, थाना अहरौला को गिरफ्तार किया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक अवैध पिस्टल बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

और नया पुराने