Breaking News

आजमगढ़ में तीन मामलों का खुलासा: चेन छिनैती, जानलेवा हमला और विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी के आरोपी गिरफ्तार


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़। अपराध एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने बरदह और फूलपुर थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चेन छिनैती के मामले में चोरी की बाइक, सात हजार रुपये नकद, तमंचा व कारतूस, जबकि जानलेवा हमले के मामले में घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। तीसरे मामले में विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी और कूटरचित पासपोर्ट उपलब्ध कराने के आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

चलती बाइक से महिला की सोने की चेन छीनने का खुलासा

बरदह थाना क्षेत्र में 5 अगस्त को संजीव कुमार राय अपनी पत्नी कविता राय के साथ बाइक से वाराणसी से घर लौट रहे थे। उसरगांवा पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार दो बदमाश उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे। मामले में बरदह थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने CCTV फुटेज और सर्विलांस की मदद से मामले की जांच करते हुए सूरज निषाद निवासी नालापार नावघाट, थाना केराकत, जौनपुर की पहचान की। पुलिस ने उसे 6 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, छिनैती से प्राप्त सात हजार रुपये, .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी वकील उर्फ कृष्णा सोनकर के साथ मिलकर उक्त मोटरसाइकिल वाराणसी रेलवे स्टेशन के पास से चोरी की थी। बरामद तमंचे के संबंध में भी अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।

चाकू से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

बरदह थाना क्षेत्र के जगदीशपुर सोहौली गांव में 3 अक्टूबर की रात हुए विवाद में लाठी-डंडे और चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने विशाल राजभर निवासी जगदीशपुर को गिरफ्तार किया है। घटना में भुवाल बिन्द की जांघ और सौरभ बिन्द के पेट में गंभीर चोटें आई थीं।

मामले में मुकदमा दर्ज कर विवेचना के दौरान संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने 6 अक्टूबर को आरोपी विशाल राजभर को कमालपुर चौराहे से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।

विदेश में नौकरी के नाम पर 1.30 लाख की ठगी, फर्जी पासपोर्ट देने का आरोप

फूलपुर थाना क्षेत्र में विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने के नाम पर 1.30 लाख रुपये की धोखाधड़ी और कूटरचित पासपोर्ट उपलब्ध कराने के मामले में पुलिस ने ओसामा उर्फ फिरोज निवासी अरनौला, थाना दीदारगंज, हाल पता चमराडीह, थाना फूलपुर को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि उसने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर रुपये लेने के बाद फर्जी पासपोर्ट उपलब्ध कराया। बाद में रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। न्यायालय के आदेश पर मामले में धोखाधड़ी, कूटरचना, जालसाजी सहित एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को 6 अक्टूबर को सुदनीपुर पावर हाउस के पास से गिरफ्तार किया। इस मामले में कोई बरामदगी नहीं हुई है।

पुलिस के मुताबिक तीनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में बरदह और फूलपुर थाने की पुलिस टीमों के साथ सर्विलांस सेल के पुलिसकर्मी भी शामिल रहे।

और नया पुराने