Breaking News

गांधी-शास्त्री जयंती पर आजमगढ़ पुलिस ने चलाया स्वच्छता अभियान, उत्कृष्ट सेवा पदक से सम्मानित हुए पुलिसकर्मी


आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बुधवार को आजमगढ़ पुलिस की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस लाइन परिसर में स्वच्छता अभियान चलाने के साथ ही अधिकारियों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम की शुरुआत क्षेत्राधिकारी सदर/लाइन सहायक पुलिस अधीक्षक ईश्वर लाल गुज्जर के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पुलिस लाइन परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर की गई। पुलिसकर्मियों ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।

इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुज्जर, क्षेत्राधिकारी आंकिक अजय प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी क्राइम कौस्तुभ त्रिपाठी, प्रतिसार निरीक्षक रजनीकान्त ओझा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह और स्वच्छता तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को स्मरण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उपस्थित पुलिसकर्मियों को सत्य, अहिंसा, कर्तव्यनिष्ठा, राष्ट्रसेवा एवं जनसेवा के आदर्शों पर चलने की शपथ भी दिलाई गई। वहीं, उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए चयनित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा पदक एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान आजमगढ़ पुलिस की ओर से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए उनके आदर्शों को जीवन एवं कर्तव्य में अपनाने का संकल्प लिया गया।

और नया पुराने