Breaking News

नये साल में शुरू हो सकता है सीएम हेल्पलाइन, मौजूदा निवारण प्रणाली की अपेक्षा कई खूबियों से होगा लैस।

लखनऊ।

आम लोगों को घर बैठे फोन से मुफ्त में शिकायत का नया प्लेटफॉर्म देने के लिए प्रस्तावित 'सीएम हेल्पलाइन-1076' नए साल से शुरू करने की तैयारी है। यह हेल्पलाइन मौजूदा शिकायत निवारण प्रणाली की अपेक्षा कई खूबियों से लैस होगी। इस पर सभी शिकायतकर्ताओं से उनकी शिकायतों पर कार्रवाई का फीडबैक भी लेने की योजना है। इसके आधार पर ही शिकायत खत्म करने या आगे बढ़ाने की कार्रवाई तय होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आम लोगों को अधिकारियों के पास जाकर शिकायत करने के बजाय घर बैठे मुफ्त में सीधे सरकार तक अपनी समस्या पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के रूप में एक नया मंच देने का एलान किया था।
सीएम कार्यालय की देखरेख में संचालित होने वाली इस हेल्पलाइन की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। सरकार को बीएसएनएल से इसके लिए चार अंक का नंबर भी मिल गया है।
इसे लागू करने के काम से जुड़े एक जिम्मेदार अधिकारी ने बताया कि 'सीएम हेल्पलाइन' आम लोगों के लिए नए साल का सौगात हो सकती है। अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में उपलब्ध कुछ फोरम अधिकारियों से मिलकर शिकायत करने के लिए हैं तो ऑनलाइन शिकायत के लिए शिकायतकर्ता को कंप्यूटर व इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत होती है।
प्रदेश के तमाम ऐसे क्षेत्र हैं जहां ऑनलाइन सुविधाएं आसानी से सुलभ नहीं हैं। वहीं, इंटरनेट कैफे पर जाकर शिकायत करने व अपडेट प्राप्त करने के लिए काफी पैसा खर्च करना पड़ता है। ऐसे में सरकार की नई पहल से लोगों को काफी राहत मिलेगी। वे घर बैठे मुफ्त में फोन करके शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायत दर्ज होने और उसे निराकरण करने वाले अधिकारी को भेजे जाने की सूचना उसके मोबाइल पर मेसेज के जरिए मिल जाएगी।

ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज होगी शिकायतें।

वर्तमान में जनसमस्याओं की सुनवाई के लिए ऑनलाइन 'जनसुनवाई' पोर्टल, सीएम जनता दर्शन, तहसील समाधान दिवस, थाना समाधान दिवस, डीएम-एसएसपी व कमिश्नर-डीआईजी का जनता दरबार, विभाग व केंद्र सरकार के पब्लिक ग्रीवांस पोर्टल जैसे तमाम मंच हैं। सीएम हेल्पलाइन इससे हटकर होगी।
शिकायतकर्ता की संतुष्टि हेल्पलाइन का मुख्य लक्ष्य होगा। हेल्पलाइन नंबर पर फोन करने पर ऑपरेटर शिकायतकर्ता की पूरी बात सुनकर ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज करेगा। इसके बाद शिकायत को निस्तारित करने वाले सबसे निचले अधिकारी को भेज देगा। मसलन, पुलिस से जुड़ी है तो थाना, विकास से जुड़ी है तो विकास खंड, शिक्षा से जुड़ी है तो खंड शिक्षा अधिकारी को भेज देगा।
तय समय में उन्हें शिकायतों का निपटारा करना होगा। ऐसा न होने पर शिकायत स्वत: इनसे उच्च स्तर पर ट्रांसफर हो जाएगी। जैसे, पुलिस में सीओ, विकास में सीडीओ, शिक्षा में बीएसए या डीआईओएस के पास। इनके स्तर पर भी यदि समय में निस्तारित नहीं हुई तो इनसे आगे स्वत: अग्रसारित हो जाएगी।
इसके अलावा यदि शिकायत का सही निस्तारण नहीं हुआ तो शिकायतकर्ता के फीडबैक पर पहली बार शिकायत को फिर से सही ढंग से निस्तारित करने के लिए उसी अधिकारी को मौका दिया जाएगा। इस पर भी यदि शिकायतकर्ता असंतुष्ट रहा तो उसे आगे के स्तर पर कार्रवाई के लिए भेज दिया जाएगा। सीएम हेल्पलाइन 500 सीटों की होगी और सुबह सात से रात 11 बजे तक इस पर शिकायत करने की सुविधा देने का प्रस्ताव है।

रिपोर्ट- वीर सिंह

www.samacharindialive.in

http://samacharindialive.blogspot.com

https://www.facebook.com/samacharindialive
                              
                 समाचार इंडिया लाइव
                       ब्यूरो दिल्ली

और नया पुराने