Breaking News

लॉक डाउन: किसानों को दी जाएगी राहत, कृषि कार्य हेतु आने जाने की मिलेगी छूट: जिलाधिकारी।

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: मनोज चतुर्वेदी ब्यूरो प्रभारी सगड़ी आज़मगढ़।

आजमगढ़ 27 मार्च-- जिलाधिकारी ने बताया है कि वर्तमान जायद मौसम में गन्ना, मक्का, ज्वार, बाजरा, मूंग, मूंगफली, सब्जी, हरा चारा आदि फसलों की बुवाई चल रही है, जिस हेतु कृषि निवेशों यथा बीज, उर्वरक तथा कृषि रक्षा रसायनों की अनवरत आपूर्ति आवश्यक है। इसके साथ ही रबी मौसम की फसलों की कटाई का समय भी चल रहा है। वर्तमान में जौ, चना, मटर, मसूर, राई/सरसों आदि की कटाई चल रही है तथा रबी की प्रमुख फसल गेहूँ की कटाई अगले सप्ताह से प्रारम्भ हो जायेगी। तत्क्रम में किसानों को बोई गयी फसल की सुरक्षा व कटाई सुनिश्चित करने हेतु कार्यवाही सुनिश्चित करायी जाये। 
जिलाधिकारी ने कहा कि उर्वरक, बीज एवं कृषि रक्षा रसायनों के बिक्री केन्द्र (थोक/फुटकर) पूर्व की भाँति खुलेंगे। सड़क मार्ग द्वारा उर्वरक की आपूर्ति जारी रहेगी। रेलवे रैक द्वारा उर्वरक आपूर्ति होने पर एवं लोडिंग तथा अनलोडिंग में प्रयुक्त श्रमिक एवं वाहन को कार्य करने हेतु न्यूनतम आवश्यकतानुसार अनुमति दी जाये। रबी फसलों की कटाई में होने वाले कम्बाइन हारवेस्टर तथा उनके चालकों को (जनपदीय/अंतरजनपदीय संचालन हेतु) को गंतव्य स्थानों पर जाने दिया जाये, उनके आने-जाने में व्यवधान न उत्पन्न किया जाये। बीज विधायन संयन्त्रों का संचालन एवं प्रयुक्त होने वाले श्रमिक तथा रबी फसलों के बीज उत्पादन क्षेत्रों के निरीक्षण से सम्बन्धित अधिकारी/कर्मचारी को भी शासकीय कार्यों हेतु छूट दी जाये। विभिन्न कृषकों के निजी फर्मों पर कटाई हेतु श्रमिकों को भी कार्य हेतु जाने दिया जाये, परन्तु इन कृषकों द्वारा एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा प्रचार-प्रसार कर के अन्य तरीके से यह सुनिश्चित करा लिया जाये कि खेतों में काम करते हुए कोरोना वायरस से बचाव के विभिन्न उपायों का अनुपालन करें, जिससे वह बीमारी से ग्रस्त न हो सके। 

और नया पुराने