मनोज चतुर्वेदी ब्यूरो प्रभारी सगड़ी आजमगढ़।
आजमगढ़।
आजमगढ़ जिलाधिकारी नागेन्द्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में खण्ड विकास अधिकारियों के साथ बैठक सम्पन्न हुई।
जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि आप शाम तक जो श्रमिकों, दीहाड़ी मजदूरों, बिना किसी योजना से आच्छादित मजदूर हैं एवं ऐसे लोग जिनको रू0 1000 की सहायता दी जानी है, उनकी सूची बना लें एवं सभी सचिव एवं प्रधान संयुक्त रूप से यह प्रमाण पत्र दें कि उनके ग्राम में कोई भी व्यक्ति छूटा नही है, जो किसी योजना से आच्छादित नही है। यदि कोई व्यक्ति छूटता है तो सारी जिम्मेदारी ग्राम प्रधान व सचिव की होगी।
जिलाधिकारी ने सभी खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपासना योजना के अन्तर्गत 2200 मुसहरों का चिन्हिकरण किया गया था, उनको भी सूची में संकलित करें और यह सुनिश्चित करें कि इसमें कोई भी पात्र व्यक्ति छूटने न पाये।
जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जिन-जिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है, वे यह सुनिश्चित करें कि ग्राम में कोई समस्या होने पर उपलब्ध रहें, यदि कोई कर्मचारी अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी।
जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिया कि 01 अप्रैल 2020 से मनरेगा के सक्रिय जाब कार्ड धारक, अन्त्योदय कार्ड धारक, श्रम विभाग के पंजीकृत श्रमिकों को राशन वितरण कराना सुनिश्चित करें। इसके लिए खण्ड विकास अधिकारी रोस्टर के अनुसार ड्यूटी लगायें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, डीसी मनरेगा बीबी सिंह, पीडी अभिमन्यु सिंह, डीपीआरओ श्रीकान्त दर्वे, डीएसओ देवमणि मिश्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार यादव, संबंधित खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।