Breaking News

जिलाधिकारी ने ली द्वितीय पासिंग आउट परेड की सशस्त्र सलामी।

जालौन।

रिपोर्ट: अरुण कुमार मिश्रा

पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मंगरौल में प्रशिक्षु आरक्षियो का द्वितीय दीक्षांत परेड का भव्य आयोजन  किया गया। 
मुख्य अतिथि पुलिस महानिदेशक प्रशिक्षण उत्तर प्रदेश सुजान वीर सिंह किन्हीं कारणवश आयोजन में उपस्थित नहीं हो सके। उनकी अनुपस्थिति में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी जालौन डॉक्टर मन्नान अख्तर ने दीक्षांत परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया। प्रधानाचार्य राधे मोहन भारद्वाज ने मुख्य अतिथि का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया। प्रशिक्षण विद्यालय को सजावटी  उपकरणों एवं रंगोली द्वारा भव्यता प्रदान की गई।
 पारंपरिक गणवेश में सजे पृशिक्षुओ की अद्भुत छटा ने कार्यक्रम को मनमोहक परिदृश्य प्रदान किया। मुख्य अतिथि द्वारा सलामी मंच में आगमन के बाद परेड का निरीक्षण किया गया। पारंपरिक गणवेश में सजे  प्रशिक्षु आरक्षियो के द्वारा मुख्य अतिथि को परेड करके सशस्त्र सलामी दी गई। यमुना पट्टी के ग्राम मंगरौल में स्थित पुलिस विद्यालय का नजारा आज 284 प्रशिक्षु आरक्षियो के लिए एक नया सवेरा लेकर आया। बरसों की कठिन मेहनत के बाद माता-पिता का सपना साकार हुआ तो उनका सिर गर्व से ऊंचा हो गया। अपने लाडले को पुलिस की वर्दी में देखकर उनके चेहरे खिल उठे। दिल से अपने लाल के लिए ढेरों आशीर्वाद निकल रहे थे और आंखों से खुशी के आंसू झलक रहे थे। परेड के बाद पृशिक्षुओ ने अपने परिजनों के साथ सेल्फी ली। 
रायबरेली निवासी वीरेंद्र भी अपने परिवार के साथ पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में अपने बेटे की परेड देखने आए थे। उन्होंने बताया कि वह खेती करते हैं। बेटे को बचपन से ही फोर्स में जाने की ललक थी। आज उसे वर्दी में देख सीना चौड़ा हो गया। 12 टोली में विभाजित 284 रंगरूटों ने बैंड की सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा की धुन में जब कदम से कदम बढ़ाए। तो वहां मौजूद दर्शकों का रोम-रोम गर्व से प्रफुल्लित हो गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य पुलिस अधीक्षक राधे मोहन  भारद्वाज एवं अध्यापक गणों की कठिन परिश्रम एवं प्रशिक्षु जवानों के उत्साह के फल स्वरुप 284 पृशिक्षुओ में से 270 पृशिक्षुओ ने 80% से अधिक अंक हासिल करके विशेष योग्यता सहित परीक्षा उत्तीर्ण की एवं 7 प्रशिक्षुओं ने 79 से 80 परसेंट अंक अर्जित कर के परीक्षा उत्तीर्ण की। मुख्य अतिथि द्वारा प्रशिक्षु जवानों को कर्तव्य निष्ठा, ईमानदारी, निष्पक्षता, राष्ट्र सेवा, एवं जनता से सौम्य, सरल व्यवहार करने की शपथ दिलवाई गई। प्रथम परेड कमांडर अनूप कुमार, द्वितीय परेड कमांडर दीपेंद्र यादव, तृतीय परेड कमांडर मनीष कुमार, प्रधानाचार्य द्वारा मूल्यांकन में अनिल कुमार यादव,वाह्य कक्षीय परीक्षा में प्रथम जितेंद्र कुमार, अन्त: कक्षीय परीक्षा में प्रथम एवं सर्वांग सर्वोत्तम रिक्रूट आरक्षी के दोनों पुरस्कार चेस्ट नंबर 120 राहुल को अपने प्रशिक्षण काल में सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए पुरस्कृत किया गया एवं अपने अध्यापन एवं कठिन परिश्रम से इन जवानों को प्रशिक्षण देने वाले विद्यालय के अध्यापकों एचसीपी आईटीआई संस्था मेजर चुनमुन सिंह, आईटीआई रमेशचंद्र, पीटीआई पुनीत कांत मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक बृजेश कुमार एवं बृजकिशोर साहू को उत्कृष्ट अध्यापन के लिए मुख्य अतिथि के द्वारा सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि जिस तरह विषम भौगोलिक परिस्थितियों में जनपद के इस  पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं अध्यापक गणों द्वारा अपने जवानों को सर्वोच्च प्रशिक्षण दिया गया है। यह अपने आप में अद्वितीय श्रेष्ठता का उदाहरण है। इस बीहड़ क्षेत्र में दो दशक पहले तक लोग आने से भी डरते थे। उसी क्षेत्र में जनता एवं राष्ट्र सेवा के लिए जवानों के रूप में सुरक्षा की नई फसलें तैयार हो रही हैं। आने वाले समय में निश्चित ही यह विद्यालय प्रदेश में ही नहीं अपितु पूरे देश में नित नए कीर्तिमान रचेगा एवं देश के सर्वोच्च संस्थानों में से एक होगा। मुख्य अतिथि ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले जवानों को बधाई संदेश देते हुए कहा कि आप सभी को राष्ट्र एवं समाज सेवा की प्रथम पंक्ति में शामिल होने पर आपके उज्जवल भविष्य की मंगल कामना करता करता हूं। उप प्रधानाचार्य आनंद कुमार ने मुख्य अतिथि का आभार ज्ञापित किया। वर्दी पाने की खुशी का इजहार प्रशिक्षु आरक्षियो ने पुलिस बैंड की धुनों पर जमकर थिरककर किया। इस समारोह का सफल मंच संचालन समाज सेविका एवं शिक्षाविद डॉ ममता स्वर्णकार एवं उप निरीक्षक राजीव कांत ने किया। इस समारोह में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी जालौन डॉ मन्नान अख्तर, विशिष्ट अतिथि विधायक कालपी नरेंद्र सिंह  जादौन, उपजिलाधिकारी कालपी कौशल कुमार, प्रधानाचार्य पुलिस अधीक्षक राधे मोहन भारद्वाज,उप प्रधानाचार्य अपर पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार, पुलिस उपाधीक्षक उमेश त्यागी, क्षेत्राधिकारी कालपी राहुल पांडेय, प्रतिसार निरीक्षक बृजेश कुमार, प्रतिसार निरीक्षक बृज  किशोर साहू, निरीक्षक एके उपाध्याय, राजेश मिश्रा, प्रमोद दीक्षित के साथ समस्त अध्यापक, कार्यालय सहयोगी, प्रशिक्षु आरक्षी एवं उनके परिजन मौजूद रहे।
और नया पुराने