दिल्ली।
रिपोर्ट: ब्यूरो
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, समेत कई राज्यों ने घर से बाहर निकलने पर मास्क पहनना जरूरी कर दिया है। मास्क न लगाने पर महामारी कानून के तहत कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। मुंबई में तो महानगर पालिका ने बिना मास्क पहने मिलने पर भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने बुधवार देर रात संक्रमण रोकने की रणनीति बनाने के लिए बुलाई उच्च स्तरीय बैठक के बाद कहा, कपड़े का मास्क पहनकर भी लोग निकल सकते हैं।
किसी समुदाय को बदनाम न करें : केंद्र
केंद्र सरकार ने संक्रमण फैलाने के लिए किसी समुदाय या क्षेत्र पर दोषारोपण से बचने का आग्रह किया है। तब्लीगी जमात के कार्यक्रम के बाद बने माहौल के चलते स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह एडवाइजरी जारी की है।
इसमें कहा है कि किसी संक्रामक बीमारी के फैलने से बनी जन स्वास्थ्य से जुड़ी आपात स्थितियों से पैदा होने वाले डर व चिंता, लोगों और समुदायों के खिलाफ पूर्वाग्रह व सामाजिक अलगाव को बढ़ाती हैं।
ऐसे बर्ताव से सामाजिक वैमनस्य, अराजकता और गैरजरूरी सामाजिक बाधाएं बढ़ती हैं। एडवाइजरी में सफाई, स्वास्थ्य और पुलिस कर्मियों से अभद्रता न करने का आग्रह भी है।