Breaking News

लाँकडाउन के समय पैसे न होने पर भी आपके घर में रसोई गैस का सिलेंडर पहुंचे।

मनोज चतुर्वेदी ब्यूरो प्रभारी सगड़ी आजमगढ़।

आजमगढ़।

आजमगढ़ बुधवार 08 अप्रैल-- जिला पूर्ति अधिकारी देवमणि मिश्र ने अवगत कराया है कि पूरे देश में इस समय लॉकडाउन के समय, पैसे न होने पर भी आपके घर में रसोई-गैस का सिलेण्डर पहुँचे, इसके लिए हम लगातार प्रयास कर रहे हैं। इस सम्बन्ध में उन्होने उज्ज्वला ग्राहकों को सूचित किया है कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत आपके खाते में निर्धारित धनराशि सरकार द्वारा भेजी जा चुकी है और इसकी सूचना हमें लगातार आपके बैंक द्वारा भी प्राप्त हो रही है। उज्ज्वला ग्राहकों को सरकार द्वारा यह धनराशि इसीलिए भेजी गई है ताकि आप उज्ज्वला योजना के तहत अपने रसोई-गैस का सिलेण्डर ले सकें। 
इसलिए कृपया ध्यान दें कि यदि आप अप्रैल महीने के ऐडवांस की धनराशि का प्रयोग करके अपना पहला सिलेण्डर (रीफिल) ले लेते हैं, तो ही आपके खाते में मई महीने का ऐडवांस भेजा जा सकेगा, जिससे आप इसके अगले महीने का भी सिलेण्डर ले सकें, यही क्रम इसके अगले महीने अर्थात जून तक चलेगा, जिससे जून महीने में आपके खाते में आयी धनराशि से आप तीसरा सिलेण्डर भी ले सकेंगे। यह योजना फिलहाल 01 अप्रैल से बारी-बारी से 30 जून 2020 तक चलेगी, जिसके अन्तर्गत कुल तीन सिलेण्डर प्राप्त किए जा सकते हैं। इस योजना का लाभ लेने के लिए ध्यान दें कि सिलेण्डर प्राप्त होने (रीफिल डिलीवरी) के दिन से 15 दिन की बाद ही बुकिंग की जा सकेगी एवं एक कलेंडर माह में एक ही सिलिंडर उपलब्ध होगा। 
उन्होने सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि बैंक में धनराशि आने के बाद तुरंत सिलिंडर बुक करें। बैंक में सिलिंडर खरीदने हेतु आई धनराशि एवं खाली सिलिंडर अपने घर पर तैयार रखें। इंडेन वितरक/भारत पेट्रोलियम वितरक/हिंदुस्तान पेट्रोलियम वितरक अर्थात जिस कंपनी का आपका कनेक्शन है, उसके वितरक द्वारा आपको सिलिंडर आपके घर पर पंहुचाया जाएगा। ये सूचना आजमगढ़ जोन के डिस्ट्रिक्ट नोडल अधिकारी विशाल पोरवाल द्वारा दी गयी है।
और नया पुराने