आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 05 अप्रैल-- जिला मजिस्ट्रेट नागेन्द्र प्रसाद सिंह ने बताया है कि कोरोना वायरस के संक्रमण से फैल रही महामारी कोविड-19 को आपदा घोषित किया गया है, जिसके दृष्टिगत जनपद में कोरोना के संक्रमण से बचाव हेतु समस्त गतिविधियाँ दिनॉक 14 अप्रैल 2020 तक लाकडाउन घोषित की गयी है।
तत्क्रम में जनपद में कारोना वायरस के संक्रमण के दृष्टिगत कोविड-19 संक्रमण के इलाज हेतु प्राविधानित चिकित्सीय प्रोटोकाल के अनुसार स्थापित आइसोलेशन फेसिलिटी मण्डलीय जिला चिकित्सालय आजमगढ़ के वार्डाें में सेवारत चिकित्सीय दल हेतु एक्टिव क्वारंटाइन स्थल विकसित किया जाना है। इसी के साथ ही 100 शैय्या बेड चिकित्सालय अतरौलिया आजमगढ़ के वार्डाें में सेवारत चिकित्सकीय दल हेतु एक्टिव क्वारंटाइन स्थल विकसित किया जाना है। अतः मानव जीवन की सुरक्षा हेतु अपरिहार्यता के दृष्टिगत उक्त सेवारत चिकित्सीय दलों के एक्टिव क्वारंटाइन स्थल के रूप में वर्तमान परिस्थितियों में जिलाधिकारी ने शिब्ली गेस्ट हाउस पहाड़पुर आजमगढ़ एवं सर्किट हाउस अतरौलिया को अग्रिम आदेश तक अधिग्रहीत किया है।
उक्त गेस्ट हाउस/सर्किट हाउस मुख्य चिकित्साधिकारी के निवर्तन पर रहेगा तथा आपातकालीन परिस्थिति में कोविड-19 के संक्रमण से इलाज के समय सेवारत चिकित्सीय दलों के एक्टिव क्वारंटाइन स्थल के रूप में उपयोग मे लाया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया है कि शिब्ली गेस्ट हाउस के प्रबंधक/अधिशासी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खण्ड आजमगढ़ से समन्वय करते हुये उक्त गेस्ट हाउस/सर्किट हाउस को आवश्यकतानुसार अस्थायी रूप से सेवारत चिकित्सीय दलों के एक्टिव क्वारंटाइन स्थल के रूप में विकसित कराना सुनिश्चित करेंगे तथा इसका यथावश्यक उपयोग करेंगे।