आज़मगढ़।
रिपोर्ट: मनोज चतुर्वेदी
आजमगढ़ 20 अप्रैल-- जिलाधिकारी नागेन्द्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड करने हेतु नामित जनपदीय नोडल अधिकारियों की बैठक सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा कोरोना महामारी से लड़ने एवं आम जनमानस को जागृत करने के लिए आरोग्य सेतु ऐप विकसित किया गया है। वर्तमान में यह ऐप एण्ड्राइड फोन तथा आईओएस फोन पर डाउनलोड हो रहा है, भविष्य में इसे सामान्य फोन पर भी डाउनलोड करने की सुविधा भारत सरकार देने वाली है। यह ऐप गूगल प्ले स्टोर अथवा एप्पल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है जिसे डाउनलोड करने के बाद यह प्लूटूथ तथा मोबाइल की लोकेशन के आधार पर कार्य करता है, एक बार इस ऐप को डाउनलोड करने के बाद व्यक्ति अपनी प्रारम्भिक जॉच स्वयं कर सकता है। वस्तुतः यह ऐप कतिपय जानकारियां मांगता है, जिसमें विदेश यात्रा अथवा अन्य यात्रा कोरोना संक्रमित से प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष सम्पर्क, कोरोना के प्रारम्भिक लक्षण आदि की सामान्य जानकारी मांगता है, जिसके उपरान्त व्यक्ति के कोरोना से सुरक्षित अथवा असुरक्षित होने के सम्बन्ध में बताता है। ब्लूटूथ व मोबाइल लोकेशन का प्रयोग कर यह ऐप आपको आपके निकट किसी कोरोना संक्रमित के होने के सम्बन्ध में तत्काल एलर्ट करता है, जिस कारण यह वर्तमान कोरोना महामारी से लड़ने में बहुत कारगर सिद्ध होगा।
जिलाधिकारी ने जनपद की समस्त जनता से अपील किया है कि जिनके पास भी एण्ड्राइड अथवा आईओएस फोन है, वह आज ही इस ऐप को डाउनलोड करें व कोरोना संक्रमण के विरूद्ध चल रही वैश्विक लड़ाई में अपना सहयोग प्रदान करें, साथ ही वह अपनी सुरक्षा भी करें।
जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक विभागीय अधिकारी अपने अधीनस्थ सरकारी, अर्द्धसरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों के प्रत्येक कर्मी को इस ऐप को डाउनलोड करने हेतु निर्देशित करें व प्रत्येक कर्मचारी को यह लक्ष्य दें कि वह अपने परिवार व समुदाय में न्यूनतम 10 लोगों को इस ऐप से जोडे़ व उसके नंबर अपने पास सदैव रखें, ताकि विभागीय अधिकारी किसी भी समय रैण्डम आधार पर चेकिंग करके यह देख सके कि उसके कर्मचारी ने स्वयं यह ऐप डाउनलोड किया है अथवा नहीं एवं उसने किन 10 लोगों को इस ऐप से जोड़ा है, उसका सत्यापन भी कर सकें।
जिलाधिकारी जनपद की समस्त जनता से आह्वाहन किया है कि वे कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए आरोग्य सेतु की चेन बनायें, अर्थात् जनपद का प्रत्येक नागरिक जिसके पास एण्ड्राइड अथवा आई0ओ0एस0 फोन है वह अपने परिवार, रिश्तेदार, मित्र आदि 10 व्यक्तियों को इस ऐप को डाउनलोड करने के लिए प्रेरित करें। इस प्रकार जनपद में अधिकाधिक लोगों के पास आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड हो जाने से इस महामारी से लड़ने में अत्यधिक सहयोग मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, उपायुक्त मनरेगा एवं श्रम रोजगार बीबी सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डाॅ0 वीके शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, उप निदेशक कृषि डाॅ0 आरके मौर्य, जिला पंचायतराज अधिकारी श्रीकान्त दर्वे, जिला पूर्ति अधिकारी देवमणि मिश्र एवं जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी साहित्य निकष सिंह सहित आरोग्य सेतु ऐप के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।