Breaking News

बदायूं के फैजगंज बेहटा में चाकू से गोदकर बड़े भाई की हत्या।

बदायूं।

रिपोर्ट:बी यीशु दास

बदायूं: फैजगंज बेहटा इलाके में शनिवार को एक छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की घर में ही सब्जी काटने के चाकू से गोदकर हत्या कर दी और मौके से भाग गया। बाद में पुलिस ने उसे घेरकर पकड़ लिया। आरोपी शराब पीकर घर आया था। वह अपनी मां से घर का बंटवारा करवाने के लिए जिद कर रहा था। बड़े भाई ने इसका विरोध किया तो उसने पेट में चाकू घोंप दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ये वारदात फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के ग्राम आसफपुर की है। यहां के बलवीर पुत्र शेर सिंह की 15 जून को बिसौली क्षेत्र के ग्राम हरदासपुर में बरात जानी है। परिवार वालों के मुताबिक उनके घर में शादी की तैयारियां चल रहीं थीं। कुछ रिश्तेदार भी आए हुए थे। शनिवार दोपहर बाद बलवीर का छोटा भाई तिलक सिंह शराब के नशे में धुत होकर घर लौटा और आंगन में बैठी अपनी मां चमेली से घर का बंटवारा कराने की जिद करने लगा। मां ने कहा कि घर में अभी शादी है। पहले शादी होने दे। जब मां राजी नहीं हुई तो उसने दो हजार रुपये मांगे। उसी समय बलवीर का बड़ा भाई रूम सिंह (40) आ गया। उसने हरकत देखकर तिलक सिंह को डांट लगाई। इससे तिलक सिंह बिफर गया और मकान ढहाने की धमकी देने लगा। दोनों भाइयों में बहस होने लगी। इसी दौरान तिलक सिंह ने सब्जी काटने के चाकू से रूम सिंह पर हमला बोल दिया। उसका पेट फाड़ डाला। इससे रूम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद हत्यारोपी वहां से फारार हो गया। वहीं परिवार में एक साथ कोहराम मच गया। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को पड़ोसी गांव सिसरका के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चाकू बरामद किया गया। इसकी सूचना पर एसपी देहात डॉ सुरेंद्र प्रताप सिंह, सीओ बिसौली राघवेन्द्र सिंह राठौर भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं, मृतक के साले सुंदर ने आरोपी तिलक सिंह के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।



और नया पुराने