Breaking News

प्रतिष्ठानों के खुलने के पूर्व नियमित तौर पर साफ-सफाई के साथ-साथ सेनेटाइजेशन कराना सुनिश्चित करें।

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़ 16 जून-- जिलाधिकारी राजेश कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में देर सायं नगर पालिका/नगर पंचायतों में चल रहे विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत निर्माण कार्याें के साथ-साथ सफाई, सेनेटाइजेशन, प्रकाश व्यवस्था आदि के सम्बन्ध में बैठक सम्पन्न हुई।
जिलाधिकारी ने समस्त ईओ नगर पालिका/नगर पंचायतों को निर्देश दिये कि कोविड-19 के संक्रमण से बचाव एवं वेक्टर जनित संक्रमण पर नियंत्रण करने हेतु नगर पालिका/नगर पंचायतों में प्रतिष्ठानों के खुलने के पूर्व नियमित तौर पर साफ-सफाई के साथ-साथ सेनेटाइजेशन कराना सुनिश्चित करें। उन्होने यह भी कहा कि नगर पालिका/नगर पंचायतों में सड़कों के किनारे छोटे-छोटे कूड़े का ढ़ेर लगाकर छोड़ दिया जाता है, जिससे विभिन्न प्रकार के संक्रमण रोग फैलते हैं, इस तरह के कूड़ों का नियमित उठान करायें। 
आगे उन्होने निर्देश दिये कि जिन नगर पालिका/नगर पंचायतों में कन्टेनमेंट जोन बनाये गये हैं, उनमें भी सेनेटाइजेशन कराना सुनिश्चित करें। इसी के साथ ही बरसात से पूर्व मुख्य सड़कों, गली मार्गाें की मरम्मत/गड्ढ़ा मुक्त कराना सुनिश्चित करें। इसी के साथ ही सभी पानी के टंकियों की समुचित साफ-सफाई करायें एवं वाटर सप्लाई के पाइप लीकेज का ठीक करा लें। इसी के साथ ही जिलाधिकारी ने निर्देश दिये कि जल जमाव वाले क्षेत्रों में नालों का चिन्हांकन कर उसकी सफाई कराना सुनिश्चित करें। 
जिलाधिकारी ने ईओ नगर पालिका आजमगढ़ को निर्देश दिये कि नगर क्षेत्रों में कूड़े को रखने के लिए जगह-जगह कूड़ेदान की व्यवस्था करायें। इसी के साथ ही डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का भी कार्य करायें। उन्होने यह भी निर्देश दिये कि नगर पालिका क्षेत्र आजमगढ़ के अन्तर्गत सड़कों के किनारे नाली के पास ट्री गार्ड के साथ पौधा लगायें और पौधे एक ही प्रजाति के होने चाहिए। 
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता विद्युत वितरण खण्ड प्रथम को निर्देश दिये कि नगर निकायों में जहाॅ-जहाॅ विद्युत पोल पर अनावश्यक रूप से काफी मात्रा में तार लटकते रहते हैं, जिससे बरसात में शार्ट सर्किट होने का खतरा उत्पन्न होता है, उन सभी अनावश्यक व ढ़ीले तारों/कैबिल्स को व्यवस्थित करायें। 
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गुरू प्रसाद, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेन्द्र सिंह, समस्त एसडीएम व समस्त नगर पालिका/नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे। 


और नया पुराने