बदायूं।
बदायूं: बेटी की शादी टूटने से आहत एक अधेड़ ने फंदे पर लटककर दे दी अपनी जान। वहीं उसका शव शाम के वक्त भगवतीपुर गांव के जंगल में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। देर रात उसकी शिनाख्त होने के साथ ही उसके अवसाद में होने का रहस्य भी खुला है। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिया है। जबकि परिजनों से देर रात तक पूछताछ जारी थी। थाना सिविल लाइंस इलाके के गांव भगवतीपुर में ईंट भट्ठे के पास एमएफ हाईवे पर खेतिहर इलाके में एक अधेड़ का शव पुलिस को फंदे पर लटका हुआ मिला था। शरीर पर चोट का कोई निशान भी नहीं था। मामले की जानकारी पर सीओ सिटी विनय द्विवेदी समेत सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतारकर उसकी तलाशी ली, लेकिन जेब में कोई ऐसा दस्तावेज आदि नहीं मिला जो उसकी शिनाख्त में मददगार हो सके। नतीजतन पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिया। हालांकि बाद में किसी ने पुलिस को बताया कि संबंधित व्यक्ति कादरचौक इलाके का है। इस आधार पर पड़ताल की गई तो कादरचौक के बादुल्लागंज गांव के कुछ लोग देर रात थाने पहुंचे और शव देखने के बाद उसकी शिनाख्त हरद्वारी 42 वर्ष पुत्र रामभरोसे निवासी गांव बादुल्लागंज के रूप में की।
रिपोर्ट: बी. यीशुदास