गोंडा।
कवरेज डेस्क: आयुक्त देवीपाटन मण्डल एस वी एस रंगाराव ने शुक्रवार को तहसील तरबगंज अन्तर्गत सकरौर-भिखारीपुर तटबंध और घाघरा नदी की कटान से प्रभावित विशुनपुरवा गांव का निरीक्षण किया। बनाए गए रिंग बांध का निरीक्षण किया। बाढ़ प्रभावितों को दी जा रही सहायता व हो रहे मरम्मत कार्यों के बारे में पूछताछ की। उन्होंने मरम्मत कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिए।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा कराए जा रहे मरम्मत कार्यों के बारे में आयुक्त को विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। इस अवसर पर आयुक्त ने ग्रामवासियों से वार्ता करके उनकी समस्याओं व प्राप्त हो रही सहायता के बारे में जानकारी ली। स्थलीय निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियन्ता बाढ़ खण्ड बीएन शुक्ला ने आयुक्त को अवगत कराया कि तटबन्ध के कटान स्थल के दोनों तरफ मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। बोल्डर डालकर तटबंध की सुरक्षा व कटान की तीव्रता को रोकने की दिशा में कार्य कराया जा रहा है। तटबंध पर 24 घंटे शिफ्टवार ड्यूटी लगाकर पेट्रोलिंग का कार्य कराया जा रहा है। गांव की सुरक्षा हेतु बनाए गए रिंग बांध पर निगरानी रखी जा रही है तथा इसके निर्माण से सम्बन्धित मुआवजा सम्बन्धित लोगों को दे दिया गया है।
आयुक्त ने रिंग बांध का भी निरीक्षण किया तथा मरम्मत कार्य में लगाए गए श्रमिकों के सम्बन्ध में पूछताछ की, जिस पर उन्हें अवगत करया गया कि 24 श्रमिक बाहर के हैं तथा शेष श्रमिक गांव के ही हैं, जो मरम्मत कार्य कर रहे हैं। आयुक्त ने प्रवासी मजदूरों तथा अकुशल श्रमिकों को भी आवश्यकतानुसार कार्य पर लगाने के लिए निर्देश दिए। ग्रामवासियों से पूछताछ के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि राहत कार्य ठीक से कराया गया है।
एसडीएम तरबगंज राजेश कुमार ने आयुक्त को बताया कि गांव में ओआरएएस घोल के पैकेट व क्लोरीन की गोलियां वितरित करा दी गई हैं तथा टीकाकरण व राशन वितरण का कार्य भी कराया गया है। आयुक्त ने एक्सईएन को निर्देश दिए कि कटान क्षेत्र में हो रहे मरम्मत कार्यों की ड्रोन से निगरानी कराए जाने के लिए प्रस्ताव तैयार कराया जाए।