Breaking News

नवलपुर में दो दुकानों और एक घर से हजारों की हुई चोरी।

बदायूं।

बदायूं: मूसाझाग थाना क्षेत्र में रात चोरों ने नवलपुर गांव में ग्राम प्रधान समेत दो दुकानों व एक घर को निशाना बना लिया। चोरों ने लोहे की रॉड से दुकान और मकान के ताले तोड़ लिए और हजारों का सामान चोरी करके ले गए। सुबह जब परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी जिस पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।नवलपुर गांव के प्रधान रामदास पुत्र वीरसहाय रात अपने परिवार के साथ घर की छत पर सो रहे थे। रात किसी समय आए चोरों ने उनकी दुकान का ताला तोड़ दिया। फिर दुकान के अंदर से 12 हजार रुपये की नकदी और करीब 90 हजार रुपये का सामान चोरी करके ले गए। इसके बाद चोरों ने कुछ दूरी पर स्थित नीरज पुत्र रक्षपाल की दुकान को निशाना बनाया। चोरों ने उनकी भी दुकान के ताले तोड़ लिए। उनकी दुकान से चोर 50 हजार की नगदी चार हजार रुपये का सामान और 22 कट्टटे गेहूं चोरी करके ले गए। दोनों लोगों को इसके बारे में सुबह जानकारी हुई। जब वह अपने-अपने घरों की छत से नीचे उतरकर आए। तभी उन्होंने दुकानों के ताले टूटे देखे। दुकानों में इधर-उधर सामान फैला देखकर वह दंग रह गए। ये खबर गांव में आग की तरह फैल गई। उसी दौरान पता चला कि चोरों ने गांव के नत्थू पुत्र मनोहर के घर के ताले तोड़ लिए। नत्थू ने बताया कि रात उनका परिवार भी घर की छत पर सो रहा था। रात किसी समय चोर उनके घर में घुस आए। उसके बाद ताला तोड़ कर उनके घर से दो जोड़ी पायल, दो जोड़ी चांदी के कंगन, चांदी का कमरबंद, एक चेन, एक अंगुठी और पंद्रह हजार रुपये समेत दस कट्टा गेहूं चोरी करके ले गए हैं। सभी भुक्तभोगियों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

रिपोर्ट: यीशु दास



और नया पुराने