आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़। महाराजगंज ब्लॉक में कल शाम एक शादी चर्चा का विषय रही। जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता हरेंद्र सिंह और संघ के जिला कार्यवाह जीतेन्द्र तिवारी की अगुआइ में एक अंतर्जातीय विवाह दोनों परिवार के आपसी सहमति के आधार पर भैरव बाबा मंदिर में कराया गया।
रोहित तिवारी निवासी माधोपुर व खुशबू शर्मा निवासी महवी खास का आपसी प्रेम प्रसंग पिछले 4 सालों से चल रहा था, दोनों शादी करना चाहते थे परंतु जातीय बंधन की वजह से कदम नहीं उठा पा रहे थे, ऐसी स्थिति में दोनों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता हरेंद्र सिंह व संघ जिला कार्यवाह जीतेन्द्र तिवारी के पास मदद के लिए आए। प्रेमी जोड़े की एक दूसरे के प्रति निष्ठा को देख, दोनों गणमान्य व्यक्तियों ने दोनों ग्राम सभाओं के प्रधान व परिवार के सदस्यों को बुलाया, और दोनों के प्रेम प्रसंग को परिवार वालों को बताते हुए जातीय बंधनों से ऊपर उठकर मानवता और संविधान के आधार पर आपस में शादी कराने की बात को समझाया। दोनों नेताओं के समझाने पर परिवार वाले सहमत हुए और दोनों प्रेमी युगल को एक सूत्र में बंधने की इजाजत दे दी। इस शादी में ग्राम प्रधान माधोपुर ओमकार यादव, ग्राम प्रधान बॉबी सिंह महावी खास, गुलाब सिंह और दोनों गांव के गणमान्य भी उपस्थित रहे।