Breaking News

मिशन शक्ति’’ की तैयारियों के सम्बन्ध में बैठक सम्पन्न।

आज़मगढ़।

रिपोर्ट: वीर सिंह

आजमगढ़ 16 अक्टूबर-- प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महिलाओं/बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन के लिए दिनांक 17 अक्टूबर 2020 को चलाये जाने वाले विशेष अभियान ‘‘मिशन शक्ति’’ की तैयारियों के सम्बन्ध में बैठक सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर प्रभारी जिलाधिकारी ने बताया कि प्रथम चरण में मिशन शक्ति अभियान शारदीय नवरात्र दिनांक 17 अक्टूबर 2020 से प्रारम्भ होकर 25 अक्टूबर 2020 तक चलेगा एवं इसके उपरान्त भी मिशन शक्ति अभियान अनवरत जारी रहेगा। आगे उन्होने बताया कि यह विशेष अभियान 180 दिन चलाया जायेगा। यह अभियान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलम्बन तथा महिला अपराध व बाल अपराध के सम्बन्ध में जागरूकता पैदा करने के लिए चलाया जायेगा। उन्होने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए संबंधित विभाग एक अलग से पृथक कार्ययोजना तैयार करेंगे और प्रत्येक विभाग द्वारा अन्तर्विभागीय समन्वय के माध्यम से अपने विभाग की कार्ययोजना को मूर्त रूप प्रदान करेंगे। सभी संबंधित विभाग कन्वर्जेन्स माडल के माध्यम से इस विशेष अभियान में सहयोग प्रदान करेंगे। 
आगे प्रभारी जिलाधिकारी ने बताया कि 17 अक्टूबर 2020 को मिशन शक्ति अभियान का शुभारम्भ किया जायेगा, जिसमें सभी संबंधित विभाग प्रतिभाग करेंगे। इसी के साथ ही प्रत्येक विभाग अपना-अपना एक नोडल अधिकारी नामित करेंगे। 
प्रभारी जिलाधिकारी ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिये कि मिशन शक्ति अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों से समन्वय बनाये रखें एवं एक व्हाट्सअप गु्रप बनायें, साथ ही महिलाओं की सफलता की कहानियों को समाचार पत्रों में प्रकाशित कराना सुनिश्चित करें। इसी के साथ ही महिलाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए आंगनवाड़ी, आशा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की महिलाओं के माध्यम से प्रचार प्रसार करायें, इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करें। 
इसी के साथ ही शारदीय नवरात्र 17 अक्टूबर 2020 से प्रारम्भ हो रहा है, जिसमें जनपद के विभिन्न स्थानों दुर्गा प्रतिमा स्थापित की जाती है, जिसके दृष्टिगत कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए प्रभारी जिलाधिकारी ने समस्त एसडीएम को निर्देशित करते हुए कहा कि जो विवादित स्थाने हैं, वहाॅ पर दुर्गा प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति न दी जाय एवं विजयदशमी के पर्व पर दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन जहाॅ किया जाना है, उसका भी निरीक्षण कर लें, वहाॅ पर पर्याप्त गड्ढ़े व पानी के साथ-साथ पर्याप्त सफाई व्यवस्था हो। त्यौहारों में कोविड-19 के गाइडलाइन का अनुपालन भी कराना सुनिश्चित करें। 
इसी के साथ ही प्रभारी जिलाधिकारी ने समस्त ईओ नगर पालिका/नगर पंचायतों को निर्देशित करते हुए कहा कि जहाॅ-जहाॅ दुर्गा प्रतिमा के पण्डाल स्थापित होंगे, वहाॅ पर दोनों पालियों में साफ सफाई करायेंगे एवं शिवालय/मन्दिरों को सेनिटाइज करायेंगे तथा दुर्गा पूजा पण्डालों के प्रतिनिधियों से भी पण्डालों की नियमित रूप से सेनिटाइज करायेंगे।
प्रभारी जिलाधिकारी ने ईओ नगर पालिका आजमगढ़ को निर्देश दिये कि नगर पालिका क्षेत्र में जो लाइटें खराब हैं, उसे ठीक करायें और प्रत्येक पण्डालों में डस्टबिन भी रखवाना सुनिश्चत करें। 
इस अवसर पर सीआरओ हरी शंकर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेन्द्र सिंह, एसपी ट्रैफिक सुधीर जायसवाल, ज्वाइण्ट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर (आईएएस) गौरव कुमार, समस्त एसडीएम, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायतें, एलडीएम यूबीआई शंकर चन्द्र सामंत, डीडीओ रवि शंकर राय, जिला प्रोबेशन अधिकारी बीएल यादव, एसीएमओ डाॅ0 वाईके राय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। 

और नया पुराने