आज़मगढ़।
रिपोर्ट: वीर सिंह
आजमगढ़ 29 अक्टूबर-- प्रमुख सचिव एवं आयुक्त ग्राम्य विकास उ0प्र0 शासन/ नोडल अधिकारी आजमगढ़ के0 रविन्द्र नायक की अध्यक्षता में देर रात्रि कलेक्ट्रेट सभागार में संचारी रोग एवं कोविड मे लगे नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन को निर्देश दिये कि नगर पालिका/नगर पंचायत क्षेत्रों में यह सुनिश्चित करें कि दुकानों पर ग्राहक समान खरीदने हेतु मास्क लगाकर जायें और दुकानदार भी मास्क लगाये रहें तथा दुकानदार दुकानों पर सेनेटाइजर भी रखें।
इसी के साथ ही नोडल अधिकारी ने डीपीआरओ को निर्देश दिये कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को मास्क पहनने के प्रति जागरूक करें, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न करें।
इस अवसर पर सीएमओ द्वारा बताया गया कि राजकीय मेडिकल कालेज में अभी भी 19 कोरोना पाजीटिव मरीज का ईलाज चल रहा है और होम आइसोलेशन में 165 कोरोना पाजीटिव मरीज हैं, जिसमें 30 अर्बन क्षेत्र के एवं 135 ग्रामीण क्षेत्र के हैं। जिस पर नोडल अधिकारी ने सीएमओ को निर्देश दिये कि राजकीय मेडिकल कालेज में जिन 19 कोरोना मरीजों का ईलाज चल रहा है, उनका ईलाज ठीक ढ़ंग से करें, इसी के साथ ही जो 165 कोरोना पाजीटिव मरीज होम आइसोलेशन में हैं, उसके लिए डाक्टरों को निर्देश दें कि प्रत्येक व्यक्तियों से स्वयं बात करें और यह जानकारी प्राप्त करें कि उक्त पाजीटिव व्यक्तियों में क्या प्रगति है और उनका समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कर ईलाज करते रहें और दवाओं की समय से उपलब्धता कराते रहें और कोशिश करें कि उनको होम आइसोलेशन में ही ठीक कर दें।
इसी के साथ ही नोडल अधिकारी ने सीएमओ को यह भी निर्देश दिये कि जो कोरोना पाजीटिव मरीज हैं, उनसे संबंधित 25 व्यक्तियों की कन्टैक्ट ट्रेसिंग कराना सुनिश्चित करें। इसी के साथ ही ऐसे कितने ब्लाक, वार्ड, ग्राम पंचायत हैं, जहाॅ पर कोरोना के केस शून्य हैं, उसकी रिपोर्ट बनाकर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें एवं उन क्षेत्रों में कोई पुनः कोरोना के केस न हों, इसके लिए एक्शन प्लान तैयार कर लें।
इसी के साथ ही नोडल अधिकारी ने सीएमओ को निर्देश दिये कि संचारी रोग के फेज प्रथम, द्वितीय, तृतीय अभियान के अन्तर्गत जो भी समस्याएं आई हैं, और उन पर अभी तक क्या-क्या कार्यवाही की गयी है, उसकी रिपोर्ट बनाकर उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
नोडल अधिकारी ने कहा कि जिन व्यक्तियों की कोरोना से मृत्यु हो जा रही है, उन व्यक्तियों का दाह-संस्कार कोविड के प्रोटोकाल के अनुसार करायें। इसी के साथ ही सीएमओ को निर्देश दिये कि जिन व्यक्तियों की कोरोना से मृत्यु हुई हैं, उनके दाह-संस्कार में किस-किस प्रोटोकाल का अनुपालन हुआ है, उसके फोटोग्राफ्स भी उपलब्ध करायें।
संचारी रोग के नोडल अधिकारी डिप्टी सीएमओ डाॅ0 एके सिंह द्वारा बताया गया कि दस्तक अभियान के अन्तर्गत आशाओं द्वारा 2822 व्यक्तियों का सर्वे किया गया, जिनमें खाॅसी, बुखार, साॅस लेने की समस्या पायी गयी और उनकी सैम्पलिंग भी करायी गयी। जिस पर नोडल अधिकारी ने डिप्टी सीएमओ को निर्देश दिये कि उक्त व्यक्तियों का रैण्डम आधार पर 10 प्रतिशत खाॅसी के, 10 प्रतिशत बुखार के, 10 प्रतिशत साॅस लेने में समस्याओं का फोन द्वारा जानकारी प्राप्त करें कि उनके स्वास्थ्य में क्या प्रगति है, और उसकी रिपोर्ट बनाकर उपलब्ध करायें।
नोडल अधिकारी ने डीपीआरओ को निर्देश दिये कि ग्राम पंचायतों में पेयजल की गुणवत्ता की जाॅच जल निगम से करायें, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों मे डायरिया का कोई मरीज न आने पाये और यह प्रमाण पत्र दें कि समस्त ग्राम पंचायतों में पेयजल की गुणवत्ता की जाॅच करा ली गयी है। इसी के साथ ही नोडल अधिकारी ने जल निगम के एक्सीयन को निर्देश दिये कि इसका प्रमाण पत्र दें कि समस्त ग्राम पंचायतों में पेयजल की गुणवत्ता की जाॅच करा दी गयी है।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन द्वारा बताया गया कि वर्तमान में 92 कन्टेनमेंट जोन एक्टिव हैं, जिसमें 23 अर्बन व 69 ग्रामीण क्षेत्र के कन्टेनमेंट जोन हैं। जिस पर नोडल अधिकारी ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन को निर्देश दिये कि होम आइसोलेशन में कोरोना पाजीटिव व्यक्तियों की बराबर मानीटरिंग करते रहें, तथा कन्टेनमेंट जोन में पुनः कोरोना के केस न बढ़ने पाये।
इस अवसर पर प्रभारी जिलाधिकारी/मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार शुक्ला, मुख्य राजस्व अधिकारी हरी शंकर, अपर जिलाधिकारी प्रशासन नरेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गुरू प्रसाद, एसपी ट्रैफिक सुधीर जायसवाल, सीएमओ डाॅ0 एके मिश्रा, पीडी अभिमन्यु सिंह, डीडीओ रवि शंकर राय, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ0 वीके सिंह, जिला अस्पताल के एसआईसी डाॅ0 एसकेजी सिंह, राजकीय मेडिकल कालेज के प्रधानाचार्य, डीईएसटीओ आरडी राम, एसीएमओ डाॅ0 संजय, डाॅ0 वाईके राय, डिप्टी सीएमओ डाॅ0 एके सिंह, डीपीआरओ लालजी दूबे उपस्थित रहे।
